{"vars":{"id": "125128:4947"}}

BHU बवाल: अंकित सिंह-अंकित पाल सहित 100 अज्ञात पर FIR, देर रात पथराव–तोड़फोड़ में 100 से ज्यादा घायल

बीएचयू परिसर में देर रात छात्रों और सुरक्षाकर्मियों के बीच भिड़ंत; एलडी गेस्ट हाउस से हॉस्टल रोड तक पथराव, गाड़ियों–गमलों की तोड़फोड़, कई छात्र व सुरक्षाकर्मी घायल

 

वाराणसी। बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) परिसर में मंगलवार देर रात हुए बड़े बवाल के बाद पुलिस ने कड़ा एक्शन शुरू कर दिया है। बीएचयू कैंपस में छात्रों और सुरक्षाकर्मियों के बीच हुई मारपीट व पथराव की घटना को गंभीर मानते हुए पुलिस ने अंकित सिंह, अंकित पाल सहित 100 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। यह कार्रवाई सहायक सुरक्षा अधिकारी हसन अब्बास जैदी की तहरीर पर लंका थाने में की गई।

नामजद आरोपी छात्र नहीं – सुरक्षा अधिकारी

तहरीर में बताया गया कि दोनों नामजद- अंकित सिंह और अंकित पाल विश्वविद्यालय के छात्र नहीं हैं। देर रात सुंदर बगिया गेट के पास दोनों को झगड़ा करते देख सुपरवाइजर विनोद शर्मा उन्हें कार्यालय ले गए थे। इसी बीच 30-40 की संख्या में मुंह बांधे हमलावर पहुंचे और उन्होंने सुरक्षा कर्मियों पर हमला बोल दिया।
हमले में सुरक्षा कर्मी प्रमोद सिंह गंभीर रूप से घायल हुए।

परिसर में भारी पथराव, तोड़फोड़

बवाल बढ़ते ही हमलावर कार्यालय में घुसकर मारपीट और तोड़फोड़ करने लगे। इसके बाद पथराव एलडी गेस्ट हाउस से लेकर हॉस्टल रोड तक फैल गया। अचानक हुए पथराव से भगदड़ की स्थिति बन गई।

घटना के दौरान-

  • चौराहे पर लगे 10 से अधिक गमले टूटे
  • वाहनों को क्षति पहुँची
  • कुर्सियाँ तोड़ी गईं
  • ‘तमिल संगमम - वणक्कम काशी’ के दो बड़े पोस्टर फाड़े गए
  • लगभग आधा किलोमीटर तक ईंट-पत्थर बिखरे मिले


100 से अधिक लोग घायल

हिंसा में सबसे अधिक नुकसान छात्र और सुरक्षाकर्मियों को हुआ।

  • 50 छात्र,
  • 40 सुरक्षाकर्मी,
  • और 10 से अधिक पुलिसकर्मी

  घायल हुए हैं।

पथराव के बीच फंसे ब्रोचा हॉस्टल के विज्ञान संकाय के एक छात्र का सिर फट गया। छात्र ने बताया कि वह गलती से पथराव के बीच में आ गया और गार्डों ने भी उसे लाठियों से पीट दिया। कई छात्रों की हालत गंभीर है, जिन्हें ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया।

पुलिस ने शुरू की जांच

बीएचयू कैंपस में देर रात हुए उपद्रव के बाद पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर घटना की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है।