{"vars":{"id": "125128:4947"}}

BHU: छात्रसंघ बहाली को लेकर BHU में प्रशासन के खिलाफ उबाल, MMB तिराहे पर छात्रों ने फूंका कुलपति का पुतला

काशी हिंदू विश्वविद्यालय में 27 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन धरना जारी; बेरुखी से नाराज आम छात्रों ने MMB तिराहे पर प्रदर्शन कर विश्वविद्यालय प्रशासन को घेरा।

 

भदैनी मिरर शिक्षा/वाराणसी डेस्क। काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) में छात्रसंघ बहाली की मांग को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ छात्रों का गुस्सा और तेज हो गया है। DSW स्थित छात्रसंघ भवन परिसर में बीते 27 अक्टूबर से छात्रों का अनिश्चितकालीन धरना लगातार जारी है। हॉस्टलों में चलाए गए गहन संपर्क व प्रचार अभियान के बाद इस आंदोलन को आम छात्रों का व्यापक समर्थन मिलना शुरू हो गया है।

धरनारत छात्रों की उपेक्षा और विश्वविद्यालय प्रशासन की बेरुखी के विरोध में रविवार को आम छात्रों का हुजूम सड़कों पर उतर आया। आक्रोशित छात्रों ने परिसर स्थित MMB तिराहे पर विश्वविद्यालय प्रशासन और कुलपति का पुतला दहन कर अपना कड़ा विरोध दर्ज कराया।

"खुले आसमान के नीचे बैठे हैं छात्र, प्रशासन बना गूँगा और बहरा"

प्रदर्शन में शामिल छात्रों ने आरोप लगाया कि कई दिनों से छात्रसंघ बहाली की मांग को लेकर उनके साथी ठंड, बारिश और खुले आसमान के नीचे धरने पर डटे हुए हैं, लेकिन विश्वविद्यालय प्रशासन वार्ता तक करने की जहमत नहीं उठा रहा है।

छात्रों ने कहा, "विश्वविद्यालय प्रशासन को इतना बहरा और गूँगा नहीं होना चाहिए कि उसे छात्रों की जायज और संवैधानिक माँग भी सुनाई न दे। हमारी स्पष्ट माँग है कि प्रशासन तत्काल प्रभाव से छात्रसंघ चुनाव की घोषणा करे और धरनारत छात्रों से सम्मानपूर्वक वार्ता कर गतिरोध को समाप्त करे।"

"हर आम छात्र की आवाज बन चुका है आंदोलन" – सत्यम सिंह

आंदोलन का नेतृत्व कर रहे छात्र नेता सत्यम सिंह ने बताया कि रविवार को आम छात्रों का सड़कों पर उतरकर पुतला दहन करना इस बात का सबूत है कि छात्रसंघ बहाली की माँग सिर्फ कुछ गिने-चुने छात्रों की नहीं, बल्कि बीएचयू के हर आम छात्र के हक और आवाज की लड़ाई है।

प्रदर्शनकारी छात्रों ने दो टूक शब्दों में चेतावनी दी है कि जब तक विश्वविद्यालय में छात्रसंघ की बहाली नहीं हो जाती, तब तक धरना-प्रदर्शन और आंदोलन इसी तरह चरणबद्ध तरीके से जारी रहेगा।