BHU : छात्र के भाई को सुरक्षाकर्मियों ने पकड़ कर, कर दिया लंका थाने के हवाले, साथी भड़के
रूइया छात्रावास के बाहर सड़क पर जमा हो गये छात्र, किया विरोध प्रदर्शन
वाराणसी, भदैनी मिरर। पिछले दिनों काशी हिंदू विश्वविद्यालय परिसर के रूइया छात्रावास में हुई मारपीट का जिन्न मंगलवार को फिर निकल गया। छात्रों ने इस मामले में एकपक्षीय रवैया अपनाने का प्रशासन पर आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। बिरला हॉस्टल के पास बड़ी संख्या में छात्रों ने विश्वविद्यालय के चीफ प्रॉक्टर के खिलाफ धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। यह विरोध प्रदर्शन तीन दिन पूर्व रुइया हॉस्टल के समीप हुई मारपीट की घटना के बाद की गई प्रॉक्टोरियल कार्रवाई को लेकर हुई। इस घटना में एक छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालांकि इस घटना के तार इससे भी पुराने श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के दिन के बताये जा रहे हैं। दोनों पक्षों में उस दिन भी मारपीट हुई थी। तब से तनातनी चल रही थी।
प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने कहाकि मारपीट में नाम आने पर आरोपी बताए जा रहे रौनक मिश्रा के भाई रोशन मिश्रा को प्रॉक्टोरियल बोर्ड द्वारा पकड़कर सीधे लंका पुलिस के हवाले कर दिया गया। पूरे मामले की निष्पक्ष जांच नहीं की गई। नाराज छात्रों ने प्रॉक्टोरियल बोर्ड, विशेषकर चीफ प्रॉक्टर पर मनमानी और दमनात्मक रवैया अपनाने का आरोप लगाया। छात्रों का कहना है कि विश्वविद्यालय प्रशासन छात्रों की बात सुनने के बजाय उनके साथ अपराधी की तरह पेश आ रहा है। बिना निष्पक्ष जांच के पुलिस के हवाले किए जाने से छात्रों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है।
छात्रों ने चीफ प्रॉक्टर के रवैये को तानाशाहीपूर्ण बताते हुए तत्काल हस्तक्षेप की मांग की। विश्वविद्यालय परिसर का माहौल तो पहले से ही गरम चल रहा है और प्रशासन एहतियात बरत रहा है। छात्रों के विरोध की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में फोर्स वहां पहुंच गई। एसीपी भेलूपुर सहित अन्य पुलिस अधिकारियों छात्रों की बातचीत हुई। उन्होंने छात्रों को समझाने का प्रयास किया, मगर छात्र अपनी मांग पर अड़े रहे।