{"vars":{"id": "125128:4947"}}

BHU Student Leader Surrender: 25 हजार के इनामी छात्र नेता क्षितिज उपाध्याय ने कोर्ट में किया सरेंडर

BHU बिरला 'अ' हॉस्टल जानलेवा हमला मामला: लंका पुलिस को चकमा देकर वकील के जरिए कोर्ट में आत्मसमर्पण

 

वाराणसी (भदैनी मिरर): काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (BHU) के बिरला 'अ' छात्रावास के गेट पर छात्र पर जानलेवा हमला कराने के मामले में फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी छात्र नेता क्षितिज उपाध्याय ने सोमवार को अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया। रोहतास (बिहार) निवासी आरोपित क्षितिज ने स्थानीय पुलिस को चकमा देते हुए अपने अधिवक्ताओं अनुज यादव और चंद्रबली पटेल के माध्यम से कोर्ट में सरेंडर किया।

एसीजेएम (नवम) अमित कुमार यादव की अदालत ने मामले की सुनवाई करते हुए आरोपित को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजने का आदेश दिया।

क्या है पूरा मामला?

मामला बीएचयू परिसर में हुई गोलीबारी से जुड़ा है। बीएचयू में बीए तृतीय वर्ष के छात्र रोशन मिश्रा ने लंका थाने में इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। दर्ज तहरीर के अनुसार, 21 फरवरी 2026 की रात लगभग 9:00 से 9:30 बजे के बीच रोशन मिश्रा अपने साथी विशाल के साथ बिरला 'अ' छात्रावास के गेट पर खड़े थे।

इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर पीयूष कुमार तिवारी (निवासी सासाराम), ऋषभ और तपस वहां पहुंचे। पुरानी रंजिश के चलते आरोपितों ने जान से मारने की नीयत से पिस्टल से चार राउंड फायरिंग की। एक गोली पीड़ित छात्र के सिर के पास से और दूसरी छाती के बगल से गुजर गई। जान बचाने के लिए जब छात्र हॉस्टल के अंदर भागने लगा, तब भी पीछे से दो गोलियां चलाई गईं।

पूर्व निष्कासित छात्रों के इशारे पर हुआ हमला

पीड़ित छात्र रोशन मिश्रा का आरोप है कि यह पूरी वारदात विश्वविद्यालय से पूर्व में निष्कासित छात्र क्षितिज उपाध्याय और अभिषेक उपाध्याय के इशारे पर अंजाम दी गई थी। घटना के बाद से ही छात्र भयभीत था और उसने अपनी जान को खतरा जताया था।

मामले में लंका पुलिस ने सभी नामजद आरोपितों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। घटना के बाद से ही मुख्य साजिशकर्ता क्षितिज उपाध्याय लगातार फरार चल रहा था। पुलिस की गिरफ्त से बाहर होने पर उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट (NBW) जारी किया गया था और उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। आखिरकार सोमवार को आरोपित ने अधिवक्ताओं के जरिए अदालत में सरेंडर कर दिया, जिसके बाद उसे जेल भेज दिया गया।