{"vars":{"id": "125128:4947"}}

BHU में छात्र पर चार राउंड फायरिंग: बिरला ‘ए’ हॉस्टल के बाहर बवाल, बिजली कटी, सड़क जाम कर धरना

20 दिन पहले हमले की आशंका जताने का दावा; चार खोखा बरामद, लंका थाने में पांच नामजद के खिलाफ तहरीर

 

वाराणसी,भदैनी मिरर। शहर के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान Banaras Hindu University में शनिवार रात उस समय हड़कंप मच गया, जब बिरला ‘ए’ छात्रावास के बाहर बीए तृतीय वर्ष के छात्र रौशन मिश्रा पर बाइक सवार युवकों ने ताबड़तोड़ चार राउंड फायरिंग कर दी। गोली चलने की आवाज से कई हॉस्टलों में अफरातफरी मच गई और छात्र दहशत में आ गए।

मौके पर मौजूद छात्रों ने घटनास्थल से चार खोखा बरामद कर पुलिस को सौंपा। घटना के बाद बड़ी संख्या में छात्र बिरला ‘ए’ हॉस्टल के बाहर इकट्ठा हो गए और सड़क जाम कर धरने पर बैठ गए। इस दौरान पुलिस और प्रॉक्टोरियल बोर्ड के साथ धक्कामुक्की की भी सूचना है। हालात बिगड़ते देख काशी जोन के विभिन्न थानों की फोर्स मौके पर बुला ली गई। एडीसीपी काशी जोन सहित वरिष्ठ अधिकारी देर रात तक छात्रों को समझाने में जुटे रहे। तनाव को देखते हुए हॉस्टल की बिजली भी काट दी गई।


पीड़ित छात्र का आरोप: “20 दिन पहले दी थी लिखित सूचना”

पीड़ित छात्र रौशन मिश्रा ने लंका थाने में पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी है। उसने बताया कि शनिवार शाम करीब 7 बजे वह अपने साथी विशाल के साथ बिरला ‘ए’ हॉस्टल गेट पर खड़ा था। तभी बाइक से पहुंचे युवकों ने असलहे से फायरिंग शुरू कर दी।
रौशन के मुताबिक, “चार राउंड फायरिंग की गई। एक गोली सिर के करीब से गुजरी। मैं छात्रावास के अंदर भागकर अपनी जान बचा पाया।”

छात्र का आरोप है कि 20 दिन पहले ही उसने विश्वविद्यालय प्रशासन और वार्डेन को संभावित हमले की आशंका से अवगत कराया था। उसने यह भी कहा कि लंका थाने को भी जानकारी दी गई थी, लेकिन सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए।

रौशन का कहना है कि आरोपी कैंपस में खुलेआम घूमते थे और गार्डों से बातचीत करते देखे जाते थे। “इतनी जानकारी देने के बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। अब जान लेने की नियत से फायरिंग की गई,” उसने आरोप लगाया।


कैंपस में सुरक्षा पर उठे सवाल

घटना के बाद छात्रों में आक्रोश है। देर रात तक धरना-प्रदर्शन चलता रहा। छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन और पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए। उनका कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई की जाती तो इस तरह की घटना टाली जा सकती थी।

फिलहाल पुलिस ने खोखा कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। नामजद आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से मामले की जांच के लिए कमेटी बनाए जाने की भी चर्चा है।


एडीसीपी बोले- जाँच कर होगी कार्रवाई 

एडीसीपी काशी जोन गौरव बांगर ने बताया कि एसीपी भेलूपुर को फायरिंग की सूचना मिली थी।  सूचना मिलते ही चौकी इंचार्ज से लेकर कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंची। कुछ खोखा बरामद हुआ है, छात्रों की तहरीर प्राप्त हुई है। जाँच कर प्राथमिकी दर्ज करते हुए कार्रवाई होगी।