{"vars":{"id": "125128:4947"}}

BHU News: पेपर लीक के खिलाफ बीएचयू में गरजा दिशा छात्र संगठन, धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और NTA को रद्द करने की उठी मांग

जंतर-मंतर आंदोलन के समर्थन में बीएचयू में छात्रों की जोरदार प्रदर्शन सभा; 19 जुलाई को शास्त्री घाट पर बड़े आंदोलन का ऐलान।

 

वाराणसी। देशभर में गरमाए पेपर लीक मामले को लेकर काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) परिसर में भी विरोध की चिंगारी तेज हो गई है। दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे छात्र आंदोलन के समर्थन में 'दिशा छात्र संगठन' ने शुक्रवार को बीएचयू परिसर में एक विशाल प्रदर्शन सभा का आयोजन किया। इस विरोध प्रदर्शन में विश्वविद्यालय के भारी संख्या में छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

सरकार छात्रों की मांगों को बेशर्मी से कर रही अनसुना: ध्रुव

प्रदर्शन सभा को संबोधित करते हुए दिशा छात्र संगठन के प्रतिनिधि ध्रुव ने केंद्र सरकार की नीतियों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा:

"आज देश की सरकार छात्रों और युवाओं की जायज मांगों को बेशर्मी से अनसुना कर रही है। एक तरफ पेपर लीक से करोड़ों छात्रों का भविष्य अधर में है, तो दूसरी तरफ लद्दाख के अधिकारों के लिए सोनम वांगचुक को अनशन पर बैठे 20 दिन से अधिक हो चुके हैं, लेकिन सरकार की ओर से कोई सुध नहीं ली जा रही है। यह तानाशाही रवैया अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।"

धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा और NTA रद्द करने की गूंज

सभा में मौजूद छात्रों ने एक सुर में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के तुरंत इस्तीफे की मांग की। इसके साथ ही छात्रों ने नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) को पूरी तरह भंग करने और शिक्षा के बढ़ते निजीकरण व बाजारीकरण को तत्काल समाप्त करने की मांग उठाई। छात्रों का कहना था कि लगातार हो रहे पेपर लीक ने देश की प्रतिष्ठित परीक्षाओं की विश्वसनीयता पर बट्टा लगा दिया है।

क्रांतिकारी गीतों से भरा जोश, 19 जुलाई को शास्त्री घाट पर बड़ा प्रदर्शन

आंदोलन के दौरान छात्रों ने व्यवस्था के खिलाफ कई क्रांतिकारी और जनवादी गीत गाकर परिसर का माहौल देशप्रेम और जोश से भर दिया। सभा के अंत में छात्र नेताओं ने आंदोलन को और धार देने के लिए आगामी रणनीति की घोषणा की।

जंतर-मंतर पर चल रहे देशव्यापी आंदोलन को मजबूती देने के लिए 19 जुलाई को वाराणसी के वरुणा तट स्थित शास्त्री घाट पर एक विशाल प्रदर्शन सभा आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। छात्र संगठन ने वाराणसी के सभी जागरूक नागरिकों और छात्रों से इस सभा में भारी संख्या में पहुंचने की अपील की है।