BHU: अस्पताल में गड़बड़ियों की जांच रिपोर्ट सीवीसी को भेजी गई, ट्रामा सेंटर प्रभारी और MS की हुई थी शिकायत
बीएचयू प्रशासन ने बनाई थी कमेटी, जांच रिपोर्ट में हुई कार्रवाई की सिफारिश
Aug 24, 2025, 12:57 IST
वाराणसी। बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) के सर सुंदरलाल अस्पताल और ट्रॉमा सेंटर में भ्रष्टाचार एवं अनियमितताओं को लेकर उठे सवालों पर अब मामला केंद्रीय सतर्कता आयोग (CVC) तक पहुंच गया है। बीएचयू प्रशासन ने अपनी विस्तृत जांच रिपोर्ट 5 जून 2025 को सीवीसी को भेज दी है।
दरअसल, राज्यसभा में पूछे गए एक सवाल के जवाब में शिक्षा राज्यमंत्री डॉ. सुकांत मजूमदार ने जानकारी दी कि बीएचयू के कुलपति की ओर से एक तथ्यान्वेषी समिति गठित की गई थी। इस समिति ने अपनी रिपोर्ट 14 मार्च 2024 को विश्वविद्यालय को सौंप दी थी।
मामला सर सुंदरलाल अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक प्रो. कैलाश कुमार और ट्रॉमा सेंटर प्रभारी प्रो. सौरभ सिंह पर लगे भ्रष्टाचार एवं अनियमितता के आरोपों से जुड़ा है।
शिक्षा राज्यमंत्री के अनुसार, सीवीसी के निर्देश पर बीएचयू ने जांच रिपोर्ट प्रस्तुत की है। हालांकि, सवाल यह भी उठाया गया कि दोषियों के विरुद्ध अब तक ठोस कार्रवाई क्यों नहीं की गई है।
इस जांच समिति में प्रो. प्रेम शंकर त्रिपाठी, प्रो. उदय शंकर उपाध्याय और प्रो. आनंद विक्रम सिंह को शामिल किया गया था। रिपोर्ट का अवलोकन करने के बाद उच्च शिक्षा विभाग के अवर सचिव संजय कुमार ने भी विवि से स्पष्टीकरण और जांच की स्थिति पर रिपोर्ट तलब की थी।
अब पूरा मामला सीवीसी के पाले में है, और यह देखना बाकी है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषियों पर क्या कार्रवाई होती है।