{"vars":{"id": "125128:4947"}}

BHU Action News: बीएचयू में 110 छात्र ब्लैकलिस्ट; 36 को प्रवेश व नौकरी से स्थायी डिबार, 57 निलंबित

शैक्षणिक सत्र 2026-27 से पहले काशी हिंदू विश्वविद्यालय की बड़ी कार्रवाई, हिंसा, तोड़फोड़ और उपद्रव में शामिल छात्रों पर गिरा गाज।

 

वाराणसी (भदैनी मिरर)। काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) प्रशासन ने आगामी शैक्षणिक सत्र 2026-27 की प्रवेश और काउंसिलिंग प्रक्रिया शुरू होने से पहले अनुशासनहीनता, हिंसा और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त छात्रों पर अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है। विश्वविद्यालय ने कुल 110 छात्रों को ब्लैकलिस्ट करते हुए विभिन्न स्तरों पर दंडात्मक कदम उठाए हैं। प्रशासन का स्पष्ट कहना है कि परिसर की सुरक्षा, शांति और शैक्षणिक माहौल से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

36 छात्र प्रवेश व नौकरी से स्थायी रूप से डिबार

कुलसचिव (Registrar) कार्यालय की ओर से जारी आधिकारिक सूची के अनुसार:

  • 36 छात्र स्थायी डिबार: इन्हें भविष्य में बीएचयू के किसी भी पाठ्यक्रम में प्रवेश लेने या विश्वविद्यालय में कोई भी नौकरी पाने से हमेशा के लिए प्रतिबंधित (Debar) कर दिया गया है।

  • 57 छात्र निलंबित: विभिन्न मामलों में संलिप्तता के आधार पर 57 छात्रों को सस्पेंड किया गया है।

  • 8 छात्रों का कैंपस प्रवेश बंद: 8 छात्रों के बीएचयू परिसर में दाखिल होने पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है।

  • अन्य कार्रवाई: शेष छात्रों के विरुद्ध निष्कासन सहित अन्य अनुशासनात्मक कदम उठाए गए हैं।

इन गंभीर वारदातों के आधार पर हुआ एक्शन

बीएचयू प्रशासन के मुताबिक, यह कार्रवाई पिछले वर्षों के दौरान घटी गंभीर घटनाओं की विस्तृत जांच के बाद की गई है। आरोपी छात्र निम्नलिखित वारदातों में शामिल पाए गए थे:

  • एंबुलेंस चालक का अपहरण।

  • छात्रावासों (हॉस्टलों) में तोड़फोड़ एवं बीएचयू संपत्ति को नुकसान पहुँचाना।

  • कुलपति (VC) आवास और विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार पर उग्र प्रदर्शन।

  • छात्राओं से जुड़ी गंभीर शिकायतें एवं मारपीट की घटनाएं।

प्रशासन ने यह भी बताया कि कई छात्र एक से अधिक मामलों में लिप्त पाए गए थे, इसलिए उनके खिलाफ दोबारा निलंबन और स्थायी डिबार जैसी कड़ी कार्रवाई की गई है।

घटनावार गाज और ब्लैकलिस्टेड छात्रों के नाम

जारी सूची के अनुसार प्रमुख मामलों में शामिल छात्रों पर यह कार्रवाई की गई है:

  • 17 फरवरी 2026 की घटना: बिड़ला 'ए' हॉस्टल के समीप उपद्रव और तोड़फोड़ के मामले में कला संकाय के छात्र आदित्य शर्मा को भविष्य के सभी प्रवेशों के लिए स्थायी रूप से डिबार कर दिया गया है।

  • 29 जनवरी 2026 की घटना: रुइया और बिड़ला 'ए' हॉस्टल के गेट पर मारपीट व उपद्रव के आरोप में अंकित पाल, दर्शित पांडेय, पीयूष स्वामी और विशाल कुमार सहित कई अन्य छात्रों को बीएचयू में भविष्य के प्रवेश से वंचित कर दिया गया है।

काउंसिलिंग और दाखिले के दौरान अनिवार्य मिलान के निर्देश

कुलसचिव कार्यालय ने बीएचयू के सभी संस्थानों के निदेशकों, संकायाध्यक्षों (Deans) और विभागाध्यक्षों को यह ब्लैकलिस्ट भेज दी है। स्पष्ट निर्देश जारी किए गए हैं कि नए सत्र की एडमिशन काउंसिलिंग और नामांकन प्रक्रिया के समय इस सूची का अनिवार्य रूप से मिलान किया जाए, ताकि कोई भी डिबार या निष्कासित छात्र फर्जीवाड़ा कर दोबारा प्रवेश न ले सके।

प्रशासन की चेतावनी: बीएचयू प्रशासन ने साफ कहा है कि विश्वविद्यालय के शैक्षणिक वातावरण और शांति व्यवस्था को भंग करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ आगे भी शून्य सहनशीलता (Zero Tolerance) की नीति अपनाते हुए ऐसी ही सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। 

देखें किन छात्रों पर हुई कार्रवाई -