{"vars":{"id": "125128:4947"}}

भोजपुरी एक्टर रितेश पांडेय से मांगी गई 10 लाख की रंगदारी, वाराणसी के सारनाथ थाने में FIR दर्ज

जन सुराज पार्टी के नेता और भोजपुरी गायक रितेश पांडेय को मिली जान से मारने की धमकी, पुलिस ने शुरू की जांच

 

वाराणसी (भदैनी मिरर): भोजपुरी फिल्मों के जाने-माने गायक, अभिनेता और जन सुराज पार्टी के नेता रितेश पांडेय से 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस संबंध में पीड़ित अभिनेता की तहरीर के आधार पर वाराणसी के सारनाथ थाने में नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

क्या है पूरा मामला?


सारनाथ थाना क्षेत्र के तिलमापुर निवासी रितेश रंजन (रितेश पांडेय) ने पुलिस को दी अपनी तहरीर में बताया कि घटना 18 सितंबर 2026 की है। आरोप है कि बुलबुल यादव (पुत्र स्व. राजेन्द्र यादव) नाम के व्यक्ति ने अपने एक अज्ञात साथी के साथ मिलकर उन्हें फोन पर भद्दी-भद्दी गालियां दीं और 10 लाख रुपये की रंगदारी की मांग की।
जब रितेश पांडेय ने पैसे देने से इनकार किया, तो आरोपी ने अंजाम भुगतने की चेतावनी देते हुए कहा कि अगर 10 लाख रुपये नहीं दिए, तो जान से मारकर फेंक देंगे। इस घटना के बाद से अभिनेता और उनका परिवार काफी डरा और सहमा हुआ है।

पुलिस ने दर्ज की FIR, जांच शुरू

अभिनेता रितेश पांडेय की लिखित शिकायत (तहरीर) के आधार पर सारनाथ थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपी बुलबुल यादव और उसके अज्ञात साथी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 308 (5), 352, 351 (3) के तहत केस दर्ज हुआ। इस प्रकरण में पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और कॉल डिटेल तथा संबंधित नंबरों को सर्विलांस पर लेकर आरोपियों की तलाश कर रही है।


राजनीतिक और कला जगत में पहचान


रितेश पांडेय भोजपुरी सिनेमा के स्थापित कलाकार और लोकप्रिय गायक हैं। इसके अलावा वह राजनीतिक रूप से भी सक्रिय हैं। वे बिहार के रोहतास जिले की करगहर विधानसभा सीट से प्रशांत किशोर की 'जन सुराज पार्टी' के टिकट पर चुनाव भी लड़ चुके हैं। इस घटना के बाद उनके प्रशंसकों और समर्थकों में चिंता का माहौल है।