वाराणसी के बीबीए के छात्र की बिहार में गोली लगने से मौत, होली में गया था गांव
मिर्जामुराद के KIT में BBA सेकेंड सेमेस्टर का था छात्र, सहपाठियों में शोक
Mar 15, 2026, 10:21 IST
वाराणसी। मिर्जामुराद क्षेत्र के काशी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी में बीबीए के सेकेंड सेमेस्टर के छात्र की बिहार के समस्तीपुर में गोली लगने से मौत हो गई। पिता के तहरीर पर स्थानीय पुलिस मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही में जुट गई है। घटना शनिवार विद्यापति नगर थाना क्षेत्र के मऊ गणेशपुर की बताई जा रही है। होली के पर्व पर छात्र अपने पैतृक गांव गया हुआ था। आज रविवार सुबह वह कॉलेज लौटने वाला था। रविवार सुबह जैसे ही सहपाठियों को छात्र के मौत की सूचना मिली सभी हदप्रद है। हॉस्टल में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार बिहार निवासी निलेश झा उम्र लगभग 25 वर्ष पुत्र पप्पू झा वाराणसी के मिर्जामुराद स्थित काशी इंस्टीट्यूट आफ टेक्नोलॉजी का बीबीए सेकंड सेमेस्टर का छात्र था। इंस्टिट्यूट में होली की छुट्टी मिलने पर पहले ही छात्र घर चला गया था, हॉस्टल के दोस्तों ने बताया कि शनिवार की सुबह उनकी फोन से बात हुई थी। बिहार से रविवार को ट्रेन पड़कर वह वापसी आने वाला था, लेकिन शनिवार की देर शाम ही उसकी गोली लगने से मौत की सूचना मिली।
इस घटना में स्थानीय लोगो ने बताया कि निलेश को दोस्तों ने फोन करके पार्टी के लिए बुलाया था। मऊ बाजार में निलेश और उसके दोस्त पार्टी कर रहे थे इस दौरान उसको गोली लगी। उसके बाद उसके दोस्तों ने गांव के ही एक अस्पताल पहुंचाया। जहां हालात बिगड़ते देख वहां से भाग निकले। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और इलाज के लिए बेगूसराय ले जाने लगे लेकिन छात्र बीच रास्ते में ही दम तोड़ दिया। जिससे परिवार में कोहराम मच गया।
इस घटना में छात्र को गोली कैसे लगी किसने मारी स्थानीय पुलिस इस गुत्थी सुलझाने में जुटी हुई है।
वही इस घटना के संबंध में दैनिक भास्कर को एसपी अरविंद प्रताप सिंह ने बताया कि संभावना है कि दोस्तों के बीच गोलीबारी में उसे गोली लगी है। अस्पताल पहुंचाने के बाद सभी मौके से भाग निकले हैं। विद्यापति नगर थाने के पुलिस को मौके पर भेजा गया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है, जल्द ही इस घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।