सारनाथ में किशोरी से दुष्कर्म का प्रयास, पुलिस पर लगे गंभीर आरोप
किशोरी रात में शौच के लिए निकली थी बाहर, तभी हुई घटना
परिजनों ने पुलिस पर मुकदमा दर्ज न करने का लगाया आरोप, वकील और सामाजिक संगठन के लोग पहुंचे
वाराणसी, भदैनी मिरर। सारनाथ थाना क्षेत्र के नई बाजार में 14 वर्षीया किशोरी के साथ दुष्कर्म के प्रयास का मामला सामने से क्षेत्र के लोगों में आक्रोश है। किशोरी के के परिवारवालों का आरोप है कि पुलिस मामले में आरोपित को बचाने का प्रयास कर रही है और वह मुकदमा दर्ज करने में हीलाहवाली कर रही है।
बताते हैं कि किशोरी की सात बहनें हैं। इनमें वह चौथी है। घर में शौचालय नही है, इसलिए रविवार की रात वह बाहर निकली थी। इसी दौरान पड़ोस का नशेड़ी प्रवृत्ति का युवक फिरोज उर्फ ‘पउवा’ आया और उसे पीछे से पकड़कर दबोचने की कोशिश की। किशोरी के शोर मचाने पर परिवार और आसपास के लोग पहुंच गये। लोगों ने युवक को पकड़ कर पीटा और किशोरी को बचाया। बाद में आरोपित भाग निकला।
घटना की सूचना पर अधिवक्ता और महिला संगठनों की कार्यकत्रियां थाने पहुंची। पीड़िता पक्ष के लोग पाक्सो, दुष्कर्म के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग कर रहे हैं। पुलिस पर आरोप है कि किसी प्रभावशाली व्यक्ति के दबाव में पुलिस मामले को दबाने का प्रयास कर रही है।