दशाश्वमेध घाट पर 151 लीटर दूध से होगा मां गंगा का अभिषेक, 21 बटुक व डमरुदल के बीच महाआरती
गंगोत्री सेवा समिति की 36 वर्षों की परंपरा के तहत होगा आयोजन, ऋद्धि-सिद्धि के स्वरूप में बेटियां करेंगी महाआरती का नेतृत्व; केदार घाट पर भी सजाई जाएगी भक्ति और संस्कृति की संध्या
भदैनी मिरर लोकल/धर्म-संस्कृति डेस्क, वाराणसी। काशी में देव दीपावली के पावन अवसर पर प्राचीन दशाश्वमेध घाट मां गंगा की आराधना, भगवान शिव की महिमा और वैदिक मंत्रोच्चार से गुंजायमान होगा। गंगोत्री सेवा समिति की ओर से आयोजित होने वाले इस भव्य दीपोत्सव और महाआरती में 151 लीटर दूध से मां गंगा का अभिषेक किया जाएगा तथा गंगा की अविरलता और निर्मलता का संदेश देते हुए पर्यावरण अनुकूल दीपदान होगा।
समिति के संस्थापक अध्यक्ष पं. किशोरी रमण दुबे 'बाबू महाराज' और सचिव पं. दिनेश शंकर दुबे ने प्रेसवार्ता में बताया कि समिति अपनी 36 वर्षों की आध्यात्मिक परंपरा को इस वर्ष भी वैदिक विधि-विधान व श्रद्धा के साथ आगे बढ़ा रही है।
500 किलो फूलों की सजावट, 21 बटुक और डमरुदल की थाप
आयोजन की तैयारियों को लेकर समिति ने कई विशेष व्यवस्थाएं तय की हैं:
-
सजावट व अष्टधातु प्रतिमा: पूरे दशाश्वमेध घाट को लगभग 500 किलो देशी-विदेशी फूलों से सजाया जाएगा। तट पर स्थापित मां गंगा की 108 किलो की अष्टधातु प्रतिमा विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी।
-
महाआरती व नारी शक्ति का संदेश: महाआरती में 21 बटुकों के वैदिक मंत्रोच्चार और 21 डमरुदलों की गूंज के बीच ऋद्धि-सिद्धि के स्वरूप में बेटियां महाआरती का नेतृत्व करेंगी, जिससे नारी शक्ति के सम्मान और सनातन परंपरा में महिलाओं की सहभागिता का संदेश दिया जाएगा।
-
अध्यक्षता व सांस्कृतिक संध्या: कार्यक्रम की अध्यक्षता सुमेरु पीठ के शंकराचार्य स्वामी नरेंद्रानंद सरस्वती करेंगे। महाआरती के बाद गीतकार कन्हैया दुबे 'केडी' के संयोजन में भक्ति संगीत व सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सजी सांस्कृतिक संध्या होगी, जबकि संचालन नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक राजेश शुक्ला करेंगे।
केदार घाट पर भी सजेगा भक्ति और संस्कृति का आयोजन
देव दीपावली के अवसर पर पौराणिक केदार घाट पर भी गंगोत्री सेवा समिति की ओर से पं. संदीप कुमार दुबे (सोनू महाराज) के संयोजन में विशेष गंगा आरती और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। सोनू महाराज ने बताया कि केदार घाट पर समिति की नियमित गंगा आरती होती है और देव दीपावली पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजन-अर्चन, दीप प्रज्वलन, महाआरती तथा सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से गंगा महिमा और सनातन संस्कृति की छटा बिखेरी जाएगी।