Republic Day 2026: एपेक्स हॉस्पिटल परिसर में ‘वंदे मातरम’ थीम पर भव्य गणतंत्र दिवस समारोह
एपेक्स कॉलेज ऑफ नर्सिंग, फिजियोथेरेपी व पैरामेडिकल ने किया आयोजन, नागरी प्रचारिणी सभा अध्यक्ष व्योमेश शुक्ला ने किया ध्वजारोहण
वाराणसी। भारत के 77वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर एपेक्स हॉस्पिटल परिसर में वंदे मातरम थीम पर गणतंत्र दिवस समारोह का भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया गया। यह आयोजन एपेक्स कॉलेज ऑफ नर्सिंग, फिजियोथेरेपी एवं पैरामेडिकल के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ, जिसमें देशभक्ति, सेवा और राष्ट्र निर्माण के भावों की प्रभावी प्रस्तुति देखने को मिली।
समारोह के मुख्य अतिथि व्योमेश शुक्ला (अध्यक्ष नागरी प्रचारिणी सभा) ने राष्ट्रीय ध्वज का विधिवत ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. अत्रि भारद्वाज (अध्यक्ष बनारस प्रेस क्लब) की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
गणतंत्र दिवस समारोह एपेक्स हॉस्पिटल के माननीय चेयरमैन प्रो. डॉ. एस. के. सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में निदेशक डॉ. स्वरूप पटेल एवं डॉ. अंकिता पटेल, वरिष्ठ सर्जन डॉ. आनंद कुमार, विभिन्न महाविद्यालयों के प्रधानाचार्य, चिकित्सकगण, समस्त फैकल्टी सदस्य एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति से ओत-प्रोत गीतों, प्रेरणादायक भाषणों एवं रंगारंग सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत कार्यक्रमों में राष्ट्र की एकता, अखंडता, सेवा भावना एवं समर्पण का सशक्त संदेश दिया गया।
मुख्य एवं विशिष्ट अतिथियों ने अपने संबोधन में गणतंत्र दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र से जुड़े विद्यार्थी समाज और देश की सेवा में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।
समारोह के अंत में सभी उपस्थितजनों ने राष्ट्र की उन्नति, एकता और अखंडता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई तथा संविधान के मूल्यों का पालन करने का संकल्प लिया।