वाराणसी: एपेक्स हॉस्पिटल कम्पोनेंट ब्लड सेंटर की 16वीं वर्षगांठ, 1.24 लाख यूनिट रक्त से बचाईं हजारों जानें
150+ रक्तदान शिविर, 2.05 लाख ब्लड कंपोनेंट डोनेशन और ECLIA-NAT तकनीक से पूर्वांचल को मिल रहा सुरक्षित रक्त
वाराणसी
एपेक्स वेलकेयर ट्रस्ट द्वारा संचालित एपेक्स हॉस्पिटल कम्पोनेंट ब्लड सेंटर ने सेवा के 16 गौरवशाली वर्ष पूरे कर लिए हैं। इस अवसर पर ब्लड सेंटर परिसर में केक काटकर स्थापना दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।
संस्थान के चेयरमैन डॉ. एसके सिंह के नेतृत्व में सेंटर ने वाराणसी और पूर्वांचल में सुरक्षित रक्त उपलब्ध कराने के क्षेत्र में नई मिसाल कायम की है। ब्लड बैंक इंचार्ज व वरिष्ठ पैथोलॉजिस्ट डॉ. संदीप नौटियाल और डॉ. दिव्या खिची के संचालन में सेंटर राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन (NACO) के मानकों का कड़ाई से पालन कर रहा है।
आंकड़ों में सेवा का सफर
स्थापना से अब तक सेंटर ने कॉर्पोरेट, शिक्षण संस्थानों और सामाजिक संगठनों के सहयोग से 150 से अधिक स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किए हैं।
- 2.05 लाख ब्लड कंपोनेंट डोनेशन प्राप्त
- 1.24 लाख यूनिट रक्त मरीजों को उपलब्ध
- 9 वर्षों में 2150 यूनिट सिंगल डोनर प्लेटलेट (SDP)
- कोविड काल में 600 प्लाज्मा एफेरेसिस
इन प्रयासों से हजारों मरीजों को नया जीवन मिला है।
आधुनिक तकनीक से लैस सेंटर
कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि सेंटर पूर्णतः ऑटोमेटेड ब्लड ग्रुपिंग, क्रॉस मैचिंग और 3-सेल पैनल स्क्रीनिंग जैसी सुविधाओं से सुसज्जित है। संक्रमण मुक्त रक्त सुनिश्चित करने के लिए यहाँ अत्याधुनिक ECLIA और NAT तकनीक का उपयोग किया जा रहा है, जो इसे पूर्वांचल के प्रमुख और भरोसेमंद ब्लड सेंटरों में शामिल करता है।
चेयरमैन ने किया प्रेरित
डॉ. एसके सिंह ने हॉस्पिटल स्टाफ, मेडिकल छात्रों और फैकल्टी की सराहना करते हुए कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा जीवनदान है। उन्होंने प्रतिदिन जारी होने वाली 20-25 यूनिट रक्त की संख्या को दोगुना करने का लक्ष्य भी रखा।
इस मौके पर डॉ. दीपक, डॉ. फिरोज, डॉ. सौम्याश्री और एडमिनिस्ट्रेटर वैभव श्रीवास्तव सहित अस्पताल का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।