{"vars":{"id": "125128:4947"}}

दिल्ली में गूंजी ब्रज संस्कृति: बनारस की NCC कैडेट अनुष्का मेहता ने चरकुला नृत्य से बढ़ाया काशी का मान

करियप्पा ग्राउंड पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सामने दी शानदार प्रस्तुति, 28 यूपी गर्ल्स बटालियन की अंडर ऑफिसर अनुष्का मेहता बनी यूपी निदेशालय की चुनिंदा 12 कैडेट्स में शामिल

 

वाराणसी। दिल्ली के करियप्पा ग्राउंड पर आयोजित प्रधानमंत्री रैली 2026 में ब्रज संस्कृति की गूंज सुनाई दी, जब बनारस की NCC कैडेट अनुष्का मेहता ने पारंपरिक ‘चरकुला नृत्य’ की शानदार प्रस्तुति देकर काशी का गौरव बढ़ाया। उनकी इस उपलब्धि से 28 यूपी गर्ल्स बटालियन और बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) में जश्न का माहौल है।

वाराणसी स्थित वसंत कन्या महाविद्यालय, बीएचयू में भूगोल स्नातक तृतीय वर्ष की छात्रा और 28 यूपी गर्ल्स बटालियन (इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस) की अंडर ऑफिसर अनुष्का मेहता का चयन यूपी निदेशालय के उन 12 विशिष्ट कैडेट्स में हुआ था, जिनका चयन कठिन ‘ओपन वैकेंसी’ प्रक्रिया के माध्यम से किया गया।

28 जनवरी को दिल्ली के करियप्पा ग्राउंड पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समक्ष उत्तर प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को प्रस्तुत करते हुए अनुष्का ने ब्रज का पारंपरिक चरकुला नृत्य इतनी कुशलता से किया कि दर्शक मंत्रमुग्ध हो गए। इस ऐतिहासिक मंच पर उनकी प्रस्तुति ने न केवल उनकी बटालियन बल्कि पूरे काशी क्षेत्र का नाम रोशन किया।

अनुष्का मेहता मूल रूप से सासाराम, बिहार की रहने वाली हैं और वर्तमान में बीएचयू के वसंत कन्या महाविद्यालय में अध्ययनरत हैं। उनकी इस स्वर्णिम सफलता और घर वापसी पर पूरी बटालियन में उत्सव जैसा माहौल है।

कमांडिंग ऑफिसर कर्नल जी.पी. सिंह, प्रशासनिक अधिकारी मेजर संगीता, सूबेदार मेजर इंदिरा गुरुंग, जीसीआई श्रुति श्रीवास्तव, अनीता सेन, सुशीला और सीटी ओडॉ. प्रतिमा गोंड ने अनुष्का की उपलब्धि की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस गौरवपूर्ण क्षण पर अनुष्का के माता-पिता अरविंद कुमार मेहता और वीणा भारती की खुशी भी देखते ही बन रही है। एक NCC कैडेट के रूप में अनुष्का का यह सफर न केवल उनके परिवार बल्कि समाज की उन सभी बेटियों के लिए प्रेरणा है, जो अपने जुनून और कठिन परिश्रम के बल पर राष्ट्रीय मंच पर पहचान बनाना चाहती हैं।