वाराणसी में 83 हजार भवनों पर एक्शन की तैयारी: आज आखिरी मौका, कल से कुर्की-नीलामी और भारी जुर्माना
31 मार्च तक टैक्स जमा नहीं किया तो लगेगा सरचार्ज, दुकानों पर 50% लेट फीस और सीलिंग की कार्रवाई
वाराणसी,भदैनी मिरर। नगर निगम वाराणसी ने जलकर, सीवर कर और गृहकर के बकायेदारों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाने की तैयारी कर ली है। निगम ने साफ कर दिया है कि 31 मार्च की रात 12 बजे तक बकाया जमा नहीं करने वालों के खिलाफ 1 अप्रैल से कुर्की, जब्ती और नीलामी की सख्त कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी।
83 हजार भवन निगम के रडार पर
नगर निगम ने शहर के करीब 83,000 बकायेदार भवनों को चिन्हित किया है। इन भवनों की जोनवार सूची तैयार कर ली गई है, जिन पर अब कार्रवाई की तलवार लटक रही है।
नगर निगम द्वारा चल रही शत-प्रतिशत सरचार्ज (ब्याज) माफी योजना 31 मार्च की रात 12 बजे समाप्त हो जाएगी। इसके बाद बकायेदारों को पूरा ब्याज चुकाना होगा और किसी भी प्रकार की छूट नहीं मिलेगी।
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि करदाताओं की सुविधा के लिए सार्वजनिक अवकाश के बावजूद नगर निगम मुख्यालय और सभी जोनल कार्यालयों के टैक्स कलेक्शन सेंटर रात 9 बजे तक खुले रहेंगे। साथ ही ऑनलाइन भुगतान की सुविधा भी उपलब्ध है।
दुकानदारों पर सख्ती, 50% लगेगा जुर्माना
नगर निगम ने दुकान किराया और लाइसेंस शुल्क के बकायेदारों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है।
31 मार्च तक भुगतान न करने पर मूल राशि पर सीधे 50% विलंब शुल्क लगाया जाएगा। इसके अलावा लगातार नोटिस के बावजूद भुगतान नहीं करने वालों के प्रतिष्ठानों को सील करने की भी तैयारी है।
1.48 लाख लोगों ने जमा किया टैक्स
नगर आयुक्त के अनुसार, शहर के 1.48 लाख से अधिक भवन स्वामियों ने अब तक 185.78 करोड़ रुपये गृहकर, जलकर और सीवर कर के रूप में जमा किए हैं। उन्होंने कहा कि समय पर टैक्स जमा करने वाले ही सरचार्ज माफी का लाभ उठा पा रहे हैं।
जोनवार बकाया का हाल
नगर निगम के आंकड़ों के अनुसार, अलग-अलग जोनों में हजारों भवनों पर बकाया है—
- आदमपुर: 15,800 भवन, ₹5.80 करोड़
- भेलूपुर: 16,300 भवन, ₹0.55 करोड़
- दशाश्वमेध: 14,200 भवन, ₹5.20 करोड़
- कोतवाली: 4,600 भवन, ₹1.70 करोड़
- वरुणापार: 12,300 भवन, ₹1.10 करोड़
- सारनाथ: 16,650 भवन, ₹3.65 करोड़
कुल मिलाकर लगभग ₹18 करोड़ का बकाया इन भवनों पर है।
कल से शुरू होगा महाअभियान
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि 1 अप्रैल से बड़े पैमाने पर कुर्की, जब्ती और नीलामी का अभियान चलाया जाएगा। ऐसे में बकायेदारों के पास आज अंतिम मौका है कि वे अपना टैक्स जमा कर कार्रवाई से बच सकें।