बाबतपुर चौराहे पर तेज रफ्तार कंटेनर ने युवक को कुचला, मौके पर ही दर्दनाक मौत
सड़क पार करते समय हुआ भीषण हादसा, परिजनों में मचा कोहराम
वाराणसी (भदैनी मिरर ब्यूरो): जिले के फूलपुर थाना क्षेत्र स्थित बाबतपुर चौराहे पर रविवार की सुबह एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार कंटेनर की चपेट में आने से 22 वर्षीय युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही परिजनों के साथ भारी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर जुट गए।
बसनी जाने के लिए सड़क पार कर रहा था युवक
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बड़ागांव थाना क्षेत्र के रमई पट्टी निवासी राजीव कुमार राजभर उर्फ राजू (22 वर्ष) रविवार सुबह करीब 8:34 बजे बाबतपुर चौराहे पर मौजूद था। वह बसनी की तरफ जाने के उद्देश्य से सड़क पार कर रहा था, तभी वाराणसी की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार अनियंत्रित कंटेनर ने उसे जोरदार टक्कर मारते हुए कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि राजीव की मौके पर ही सांसें थम गईं।
पुलिस ने पीछा कर कैथवली मोड़ के पास कंटेनर को दबोचा
घटना को अंजाम देने के बाद चालक वाहन लेकर जौनपुर मार्ग की तरफ तेजी से भागने लगा। मौके पर मौजूद लोगों और स्थानीय पुलिस की तत्परता से पीछा करते हुए फूलपुर पुलिस ने जौनपुर रोड पर कैथवली मोड़ के पास कंटेनर को अपने कब्जे में ले लिया और चालक को हिरासत में ले लिया।
तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था राजीव, राजगीर मिस्त्री का करता था काम
दर्दनाक हादसे की खबर जैसे ही परिजनों को मिली, घर में रोना-पिटना मच गया। रोते-बिलखते परिजन तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। परिजनों ने बताया कि अविवाहित राजीव पेशे से राजगीर मिस्त्री का काम करके परिवार के भरण-पोषण में सहयोग करता था। वह तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।