काशी की साझा संस्कृति के साथ डिजिटल बैंकिंग की नई शुरुआत,पूजन और दुआओं के बीच वाराणसी के पीलीकोठी में खुली एक्सिस बैंक की नई शाखा
समाजसेवक शैलेश चंद्र वर्मा ने किया लक्ष्मी-गणेश पूजन, शहर मुफ्ती अब्दुल बातिन नोमानी ने फीता काटकर मांगी तरक्की की दुआ
वाराणसी (भदैनी मिरर): धर्म और अध्यात्म की नगरी काशी ने एक बार फिर दुनिया को अपनी अनूठी साझा संस्कृति और आपसी सौहार्द का संदेश दिया है। पीलीकोठी क्षेत्र में मंगलवार को एक्सिस बैंक की नई शाखा का उद्घाटन बेहद खास अंदाज में संपन्न हुआ। यहाँ आधुनिक बैंकिंग सेवाओं की शुरुआत धार्मिक आस्था और सामाजिक समरसता के खूबसूरत संगम के साथ हुई, जिसमें समाजसेवियों, धर्मगुरुओं और बैंक अधिकारियों की गरिमामयी मौजूदगी रही।
एक तरफ गूंजे मंत्र, दूसरी तरफ उठी दुआएं
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रख्यात समाजसेवक शैलेश चन्द्र वर्मा ने पारंपरिक रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद उन्होंने विधि-विधान से धन की देवी मां लक्ष्मी और विघ्नहर्ता भगवान श्रीगणेश का पूजन-अर्चन किया। उन्होंने बैंक की उन्नति, कर्मचारियों की सफलता और ग्राहकों की समृद्धि के लिए मंगल कामना की।
इसके तुरंत बाद गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल पेश करते हुए शहर मुफ़्ती मौलाना अब्दुल बातिन नोमानी तथा अंजुमन इंतेज़ामिया मसाजिद कमेटी के संयुक्त सचिव एस.एम. यासीन ने संयुक्त रूप से फीता काटकर नई शाखा का विधिवत शुभारंभ किया। उद्घाटन के उपरांत मौलाना अब्दुल बातिन नोमानी ने शाखा प्रबंधक अकरम अली और उनकी पूरी टीम को गले लगाकर मुबारकबाद दी और क्षेत्र की खुशहाली व बैंक की निरंतर प्रगति के लिए विशेष दुआ की।
व्यापारियों और स्थानीय लोगों को मिलेंगी हाईटेक सुविधाएं
सुरक्षित और भरोसेमंद बैंकिंग का नया ठिकाना: उद्घाटन के अवसर पर बैंक के क्लस्टर हेड मोहम्मद अश्फी, ऑप्स हेड प्रियंका सिंह, आकाश कुमार, मुहम्मद रज़ा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
शाखा प्रबंधक अकरम अली ने भदैनी मिरर से बात करते हुए कहा:
"एक्सिस बैंक देश भर में अपनी सुरक्षित, भरोसेमंद और आधुनिक बैंकिंग सेवाओं के लिए जाना जाता है। पीलीकोठी और इसके आसपास का क्षेत्र काफी बड़ा व्यापारिक और रिहायशी हब है। यहां के लोगों और व्यापारियों को उनके घर व दुकान के पास ही गुणवत्तापूर्ण बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध कराना हमारा मुख्य उद्देश्य है। इस शाखा में ग्राहकों को डिजिटल बैंकिंग, बचत एवं चालू खाते (Saving & Current Accounts), लोन, निवेश और अन्य बेहतरीन वित्तीय सेवाएं एक ही छत के नीचे मिलेंगी।"
काशी की रवायत ने जीता दिल
पूजन, दीप प्रज्वलन, फीता काटने और दुआओं के दौर के साथ शुरू हुई एक्सिस बैंक की इस नई शाखा ने साबित कर दिया कि वाराणसी सिर्फ अपनी प्राचीनता के लिए ही नहीं, बल्कि आपसी प्यार, सहयोग और जीवंत साझा संस्कृति के लिए भी आज दुनिया भर में मिसाल है।