{"vars":{"id": "125128:4947"}}

बनारस के चौबेपुर में दिखा खूंखार तेंदुआ, युवक और दो बकरियों को किया घायल

स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अफसर पहुंचे, बन विभाग की टीम बुलाई गई

 

तेंदुए को पकड़ने के लिए उड़ाया गया ड्रोन और बिछाया गया जाल

वाराणसी, भदैनी मिरर। चौबेपुर क्षेत्र में शुक्रवार को खूंखार तेंदुआ के दिखाई देने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। इस दौरान तेंदुआ ने अमित कुमार नामक युवक और दो बकरियों को घायल कर दिया। हालांकि तेंदुआ को पहले जब कुछ लोगों ने देखा तो उन्हें विश्वास नही हुआ। लेकिन जब थोड़ा करीब से देखा तो उनकी हालत खराब हो गई। देखते ही देखते लोग घरों में चले गये। अधिकतर लोगों ने घरों के दरवाजे बंद कर लिये और छत से उसे देखने का प्रयास करने लगे। इस दौरान कुछ अति उत्साही लोग बाहर घूम रहे थे। अभी लोग तेंदुए के बारे में चर्चा ही कर रहे थे कि इधर आया और उधर गया। तभी तेंदुआ अचानक कुछ लोगों के सामने आ गया। इसके बाद तो जिसे जिधर रास्ता मिला उधर ही भागने लगा। भागते-भागते गांव का युवक अमित तेंदुए की चपेट में आ गया। तेंदुए ने उसके पैर और कंधे पर हमला कर दिया। इतने में लोगों का शोर सुनकर तेंदुआ नीम की पेड़ की आड़ में छुप गया। 

तेंदुए के दहशत का आलम यह रहा कि दस-12 लोगों की टीम बनाकर ग्रामीण घूम रहे थे। सूचना पर स्थानीय पुलिस पहुंची। फिर पुलिस की सूचना पर गाजीपुर से वन विभाग की टीम करीब दो घंटे बाद पहुंची। टीम के पास तेंदुए को बेहोश करनेवाला इंजेक्श नही था। इस दौरान गांव के लोग तेंदुए पर निगरानी बनाए रहे। तेंदुए के डर से अधिकतर लोग घरों में कैद हो गये। छतों से इतनी ही सावधानी बरती जा रही थी कि तेंदुए पर निगरानी की जा सके।

समाचार दिये जाने तक वन विभाग की टीम तेंदुए को पकड़ने के लिए जाल लगा रही थी। तेंदुए को पकड़ने का प्रयास जारी था। लोग चाहते थे कि रात से पहले तेंदुआ पकड़ा जा सके ताकि लोग रात चैन से सो सकें। अन्यथा दहशत के साये में रात बितानी पड़ेगी। बाद में चर्चा होने लगी कि चोलापुर क्षेत्र में तेंदुआ दिखा था। तेंदुए के सटीक स्थान और उसकी हरकत का पता लगाने के लिए ड्रोन उड़ाया जा रहा था।