{"vars":{"id": "125128:4947"}}

छठ मनाने बिहार जा रहे परिवार की कार ट्रेलर से भिड़ी, वाराणसी के खजूरी राष्ट्रीय राजमार्ग पर मची अफरा-तफरी

वाराणसी: मिर्जामुराद में टला बड़ा सड़क हादसा, अनियंत्रित ट्रेलर से टकराई कार; बाल-बाल बचे परिवार के लोग

 

 

वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के खजूरी स्थित प्रयागराज-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार को एक बड़ा सड़क हादसा टल गया। हाईवे पर अचानक मुड़े एक अनियंत्रित ट्रेलर से कार की जोरदार भिड़ंत हो गई। गनीमत यह रही कि कार में सवार लोगों को गंभीर चोटें नहीं आई उन्हें केवल मामूली चोटें आईं।

 

 

 

जानकारी के अनुसार सूरत के मासमा में रहने वाले राहुल विश्वकर्मा और उनके भाई रोहन विश्वकर्मा अपने परिवार (पत्नियों और बच्चों) के साथ आगामी छठ पर्व मनाने के लिए अपने पैतृक गांव नवादा (बिहार) जा रहे थे। जैसे ही उनकी कार मिर्जामुराद क्षेत्र में खजूरी के पास पहुँची, तभी सड़क पर बने एक कट से अचानक एक ट्रेलर बिना किसी संकेत के सीधे मुख्य हाईवे पर आ गया। अचानक सामने आए इस भारी वाहन को देखकर चालक संभल नहीं पाया और कार सीधे ट्रेलर की चपेट में आकर उससे जा टकराई। टक्कर इतनी अचानक थी कि कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।

 

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय मिर्जामुराद पुलिस तुरंत दल-बल के साथ मौके पर पहुँची। पुलिस ने स्थिति का जायजा लेते हुए घायलों को प्राथमिक सहायता दिलाई और दुर्घटना में शामिल ट्रेलर को कब्जे में ले लिया। साथ ही, मौके पर ही त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रेलर चालक को हिरासत में ले लिया गया, जिससे आगे की कानूनी कार्रवाई की जा सके।