मिर्जामुराद हाईवे पर रफ्तार का कहर, दो अलग-अलग हादसों में 6 घायल
झपकी और लापरवाही बनी हादसे का कारण: मिर्जामुराद में खड़े व चलते ट्रकों में घुसीं कारें, 4 गंभीर रूप से बीएचयू रेफर
May 20, 2026, 16:41 IST
वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र में बुधवार को हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में आधा दर्जन लोग घायल हो गए। पुलिस ने सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया तथा क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात बहाल कराया।
पहली घटना क्षेत्र के डंगहरिया गांव के समीप नेशनल हाईवे पर सुबह हुई। प्रतापगढ़ निवासी राम आश्रय पटेल परिवार के साथ कार से प्रयागराज से वाराणसी जा रहे थे। इसी दौरान चालक को झपकी आ जाने से तेज रफ्तार कार आगे चल रही ट्रक में पीछे से जा भिड़ी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में राम आश्रय पटेल और तीन वर्षीय विनायक घायल हो गए, जबकि चालक और बच्चे के पिता एयरबैग खुल जाने से बाल-बाल बच गए। सूचना पर पहुंची मिर्जामुराद पुलिस ने घायलों को निजी अस्पताल भेजवाया और क्षतिग्रस्त कार को हटवाकर यातायात सुचारु कराया।
दूसरी घटना क्षेत्र के खजुरी गांव के सामने हाईवे पर सुबह करीब दस बजे हुई। प्रयागराज से वाराणसी जा रही हौंडई कार हाईवे पर खराब होकर खड़ी सीमेंट लदी ट्रक के पिछले हिस्से में अनियंत्रित होकर जा भिड़ी। हादसे में प्रयागराज जिले के पानदरीबा शाहगंज निवासी मोहम्मद शमी, खुर्शीद अहमद (62), आशिफ अली (34) और बादशाह हुसैन (65) गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर के बाद कार का अगला हिस्सा ट्रक में घुस जाने से वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
ग्रामीणों की सूचना पर खजुरी चौकी प्रभारी गणेश पटेल पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को बाहर निकलवाकर बीएचयू ट्रॉमा सेंटर भेजवाया। पुलिस ने एनएचएआई की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात बहाल कराया। चौकी प्रभारी ने बताया कि तहरीर मिलने पर ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।