साढ़े 20 घंटे की काशी यात्रा: 6332 करोड़ का 'रिटर्न गिफ्ट' लेकर आ रहे पीएम मोदी, महिला सम्मेलन से भरेंगे हुंकार
बरेका में नारी शक्ति का वंदन, गोल्फकार्ट से महिलाओं के बीच जाएंगे प्रधानमंत्री
भदैनी मिरर, वाराणसी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी के 54वें दौरे पर 28 अप्रैल को आ रहे हैं। इस बार प्रधानमंत्री का दौरा पूरी तरह से 'मातृशक्ति' को समर्पित होगा। पीएम मोदी काशी में साढ़े 20 घंटे बिताएंगे, जिसमें वे हजारों करोड़ की योजनाओं की सौगात देने के साथ-साथ आधी आबादी (नारी शक्ति) से सीधा संवाद भी करेंगे।
5 कुर्सियों वाला मंच: सादगी और संदेश
बरेका (BLW) इंटर कॉलेज मैदान में होने वाले 'नारी शक्ति वंदन' सम्मेलन के मंच पर इस बार बेहद सीमित संख्या में लोग नजर आएंगे। प्रशासनिक प्रोटोकॉल के अनुसार मंच पर केवल 5 कुर्सियां लगाई जा रही हैं। पीएम मोदी के साथ मंच पर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी मौजूद रहेंगे।
महिलाओं के बीच गोल्फकार्ट से पहुंचेंगे मोदी
इस कार्यक्रम की सबसे खास बात यह है कि प्रधानमंत्री मंच पर जाने से पहले गोल्फकार्ट के जरिए पंडाल में बने 12 फीट चौड़े कॉरिडोर से गुजरेंगे। वे 42 ब्लॉकों में बैठी करीब 40 हजार महिलाओं के बेहद करीब से गुजरकर उनका अभिवादन स्वीकार करेंगे। कार्यक्रम में आंगनबाड़ी, आशा कार्यकर्ता और महिला प्रतिनिधियों की मुख्य भागीदारी होगी।
वाराणसी को 6332 करोड़ की 163 परियोजनाओं की सौगात
प्रधानमंत्री काशीवासियों को 163 विकास परियोजनाओं का तोहफा देंगे। इसमें मुख्य आकर्षण हैं:
-
गंगा पर नया रेल-रोड ब्रिज: 2464.46 करोड़ रुपये।
-
कमिश्नरी कंपाउंड: इंटीग्रेटेड कॉम्प्लेक्स (150.36 करोड़)।
-
स्वास्थ्य: कबीरचौरा अस्पताल में 198 बेड का नया अस्पताल।
-
अन्य: सीवर, जलापूर्ति, सोवा रिग्पा अस्पताल और सड़कों का शिलान्यास/लोकार्पण।
पीएम मोदी के दौरे का पूरा मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम
-
28 अप्रैल (दोपहर 1:30 बजे): बाबतपुर एयरपोर्ट आगमन।
-
शाम 5:00 बजे: बरेका में महिला सम्मेलन को संबोधन और परियोजनाओं का लोकार्पण/शिलान्यास।
-
शाम 7:00 बजे: शहर के प्रबुद्ध जनों और महिलाओं के साथ संवाद।
-
रात्रि विश्राम: बरेका गेस्ट हाउस में रुकेंगे प्रधानमंत्री।
-
29 अप्रैल (सुबह 8:30 बजे): श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन।
-
सुबह 10:00 बजे: बाबतपुर एयरपोर्ट से हरदोई (मल्लावां) के लिए रवानगी।
सुरक्षा का अभेद्य किला: SPG ने संभाला मोर्चा
प्रधानमंत्री के दौरे को देखते हुए वाराणसी को छावनी में बदल दिया गया है। बाबतपुर एयरपोर्ट से लेकर बरेका और काशी विश्वनाथ मंदिर तक का पूरा रूट SPG की निगरानी में है। बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वायड ने कार्यक्रम स्थल पर डेरा डाल दिया है। सुरक्षा के मद्देनजर एंट्री गेट्स पर मल्टी-लेवल चेकिंग की व्यवस्था की गई है।