{"vars":{"id": "125128:4947"}}

वाराणसी के रविदास घाट पर हादसा: गंगा में नहाते समय 16 वर्षीय किशोर डूबा

नगवा निवासी उज्ज्वल विश्वास का बेटा शिवम दोस्तों संग गया था स्नान करने; अंधेरा होने के कारण शनिवार रात रोका गया रेस्क्यू ऑपरेशन।

 

वाराणसी (भदैनी मिरर): काशी के प्रसिद्ध रविदास घाट पर शनिवार शाम एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां दोस्तों के साथ गंगा स्नान करने पहुंचा 16 वर्षीय किशोर गहरे पानी में समा गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और एनडीआरएफ (NDRF) की टीम मौके पर पहुंची और तलाश शुरू की, लेकिन देर रात तक किशोर का कोई सुराग नहीं मिल सका।

अंधेरा और पानी का तेज बहाव होने के कारण शनिवार देर रात रेस्क्यू ऑपरेशन को अस्थायी रूप से रोक दिया गया है। रविवार सुबह दोबारा खोज अभियान चलाया जाएगा।

नहाते समय गहरे पानी में जाने से हादसा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, वाराणसी के लंका थाना अंतर्गत नगवा क्षेत्र का रहने वाला 16 वर्षीय शिवम विश्वास (पिता- उज्ज्वल विश्वास) शनिवार शाम अपने दोस्तों के साथ रविदास घाट पर गंगा स्नान करने गया था।

स्नान करने के दौरान शिवम अचानक गहरे पानी की ओर चला गया और तेज धारा की चपेट में आकर डूबने लगा। साथ मौजूद दोस्तों ने शोर मचाया और स्थानीय गोताखोरों की मदद से उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह गंगा की लहरों में ओझल हो गया।

अंधेरा होने पर रोका गया एनडीआरएफ का सर्च ऑपरेशन

घटना की खबर मिलते ही लंका थाना पुलिस और एनडीआरएफ के गोताखोर तुरंत रविदास घाट पहुंचे और मोटरबोट के जरिए गंगा में कॉम्बिंग ऑपरेशन शुरू किया।

हादसे की सूचना मिलते ही रोते-बिलखते परिजन और शिवम के पिता उज्ज्वल विश्वास भी मौके पर पहुंच गए। रात में अंधेरा अधिक होने और सुरक्षा के दृष्टिगत जवानों को शनिवार रात का सर्च ऑपरेशन स्थगित करना पड़ा।

पुलिस प्रशासन के अनुसार, रविवार की सुबह तड़के से एनडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की मदद से दोबारा सघन खोज अभियान शुरू किया जाएगा।