{"vars":{"id": "125128:4947"}}

Vrindavan News: बुरे फंसे कथावाचक इंद्रदेव महाराज, आश्रम में महिला से शारीरिक शोषण और धमकी देने का आरोप

पारिवारिक क्लेश दूर करने के नाम पर दुष्कर्म और अश्लील कॉल करने का गंभीर आरोप, वायरल ऑडियो रिकॉर्डिंग पुलिस को सौंपी।

 

वृंदावन (मथुरा): धर्मनगरी वृंदावन के चर्चित कथावाचक इंद्रदेव महाराज की मुश्किलें गंभीर आरोपों के बाद बढ़ गई हैं। महाराष्ट्र की एक महिला ने उन पर पारिवारिक परेशानियां दूर करने के नाम पर आश्रम में बुलाकर शारीरिक शोषण करने, अश्लील कॉल करने और जान से मारने की धमकी देने जैसे संगीन आरोप लगाए हैं। महाराष्ट्र के ठाणे जिले के काशीमीरा थाने में दर्ज हुई प्राथमिकी (FIR) ऑनलाइन माध्यम से वृंदावन कोतवाली स्थानांतरित हो गई है, जिसके बाद स्थानीय पुलिस ने मामले की तफ्तीश तेज कर दी है।

मुंबई के सत्संग में हुई थी मुलाकात, वृंदावन आश्रम में की दरिंदगी

मिली जानकारी के अनुसार, महाराष्ट्र के ठाणे क्षेत्र की रहने वाली पीड़ित महिला ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि अप्रैल 2023 में मुंबई के सांताक्रूज में आयोजित एक सत्संग के दौरान उसकी मुलाकात कथावाचक इंद्रदेव महाराज से हुई थी। इसके बाद महिला ने उनसे गुरु दीक्षा भी ली थी।

पीड़िता का आरोप है कि दिसंबर 2023 में वह अपनी बेटियों के साथ वृंदावन परिक्रमा मार्ग स्थित 'सेवा धाम आश्रम' आई हुई थी। इसी दौरान एक रात करीब साढ़े दस बजे उसे महाराज के कक्ष में बुलाया गया। आरोप है कि वहां कमरे में लगे सीसीटीवी कैमरे बंद होने की बात कहकर अंदर से दरवाजा बंद कर लिया गया और उसके साथ जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए गए।

धमकी और अश्लील कॉल की ऑडियो रिकॉर्डिंग वायरल

पीड़िता के मुताबिक, इस घटना के बाद भी कथावाचक द्वारा उसे अश्लील कॉल किए जाते रहे। हद तो तब हो गई जब 17 जून 2026 को उसे फोन पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई। इसके बाद पीड़िता ने हिम्मत जुटाकर पुलिस से शिकायत की और साक्ष्य के तौर पर बातचीत की ऑडियो रिकॉर्डिंग भी पुलिस को सौंपी। बताया जा रहा है कि इस मामले से जुड़ी कथित वॉइस रिकॉर्डिंग सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रही है।

वृंदावन पुलिस ने शुरू की जांच, पीड़िता से किया संपर्क

महिला की तहरीर पर महाराष्ट्र के काशीमीरा थाने में अक्टूबर महीने में मामला दर्ज किया गया था, जिसे घटनास्थल वृंदावन होने के कारण अब यहां स्थानांतरित किया गया है। इस संबंध में सीओ वृंदावन संदीप सिंह ने बताया कि ऑनलाइन जांच वृंदावन कोतवाली को प्राप्त हो गई है। मामले की विवेचना कोतवाली में तैनात उप निरीक्षक अशेष कुमार को सौंपी गई है।

पुलिस अधिकारी ने बयान दर्ज कराने के लिए पीड़ित महिला से संपर्क साध लिया है। पुलिस का कहना है कि महाराष्ट्र से केस की मूल पत्रावली (हार्ड कॉपी) प्राप्त होते ही जांच की प्रक्रिया को और गति दी जाएगी तथा साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।