{"vars":{"id": "125128:4947"}}

UP Weather Update: केरल में मॉनसून की दस्तक से बदला मौसम, वाराणसी-लखनऊ समेत यूपी के इन जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट

कहीं गिरेगी राहत की बौछार, तो कहीं 7 जून से फिर सताएगी भीषण हीटवेव

 

भदैनी मिरर, वाराणसी: दक्षिण-पश्चिम मॉनसून (South-West Monsoon) ने केरल में धमाकेदार दस्तक दे दी है, जिसके चलते उत्तर भारत समेत पूरे देश के मौसम मिजाज तेजी से बदलने लगा है। मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आज (5 जून 2026) उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश समेत देश के कम से कम 16 राज्यों में तेज आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, प्री-मॉनसून और मॉनसून की सक्रियता के कारण अगले 24 से 48 घंटों में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से विनाशकारी हवाएं चल सकती हैं।

मछुआरों को विशेष हिदायत दी गई है कि वे खराब मौसम और समंदर में उठने वाली तेज लहरों के कारण कम से कम 9 जून तक बंगाल की खाड़ी में न उतरें।

उत्तर प्रदेश का मौसम: वाराणसी समेत इन जिलों में बरसेंगे बदरा

यूपी के मौसम में अगले दो दिनों तक बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। मौसम विभाग ने पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है:

  • पूर्वी यूपी (पूर्वांचल): वाराणसी (काशी), लखनऊ, गोरखपुर, अयोध्या, बलिया, जौनपुर और गाजीपुर में आज धूल भरी आंधी के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की प्रबल संभावना है। इससे तापमान में 1 से 2 डिग्री की गिरावट आएगी।

  • पश्चिमी यूपी: मेरठ, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, शामली, गाजियाबाद, बागपत, अलीगढ़, आगरा और मथुरा में भी 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाओं के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान है।

  • हीटवेव की चेतावनी: राहत के बीच मौसम विभाग ने एक डराने वाली चेतावनी भी दी है। पूर्वी यूपी के जिलों में 7 जून से 10 जून तक दोबारा भीषण लू (Heatwave) का प्रकोप शुरू हो सकता है, इसलिए सतर्क रहने की जरूरत है।

दिल्ली और बिहार में भी मौसम हुआ सुहावना

  • दिल्ली-NCR: देश की राजधानी दिल्ली में लगातार हो रही गरज-चमक के साथ बारिश के बाद आज और कल (5 व 6 जून) भी बादल छाए रहेंगे। दोपहर या शाम के वक्त हल्की बारिश होने से दिल्लीवासियों को चिलचिलाती गर्मी से राहत मिलेगी।

  • बिहार: बिहार के भागलपुर, बांका, मुंगेर और जमुई जिलों में आंधी के साथ बारिश का पूवार्नुमान है। इसके साथ ही राजस्थान के बड़े हिस्से में भी धूल भरी आंधी चलने की संभावना है।

पहाड़ी राज्यों में ओलावृष्टि (Hailstorm) का संकट

मैदानी इलाकों में जहाँ बारिश राहत लेकर आ रही है, वहीं पहाड़ी इलाकों में यह मुसीबत बढ़ा सकती है।

  • हिमाचल प्रदेश: मंडी, शिमला, कांगड़ा, चंबा, कुल्लू, सोलन और सिरमौर में बिजली कड़कने और तेज हवाओं के साथ भारी बौछारें पड़ने की आशंका है।

  • उत्तराखंड: देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल, रुद्रप्रयाग, चमोली, पिथौरागढ़, उत्तरकाशी और टिहरी जिलों में मध्यम से भारी बारिश के साथ आज ओलावृष्टि (ओले गिरने) का भी अलर्ट जारी किया गया है।