यूपी के 11 आईपीएस अफसरों का तबादला
तबादला लिस्ट में लखनऊ, आगरा, प्रयागराज, कानपुर, मुरादाबाद के अधिकारी शामिल
पुलिस आयुक्त प्रयागराज तरूण गाबा पुलिस महानिरीक्षक लखनऊ परिक्षेत्र बनाये गये
वाराणसी, भदैनी मिरर। यूपी के अपर पुलिस महानिदेशक कानून एवं व्यवस्था ने भारतीय पुलिस सेवा के 11 आईपीएस अधिकारियों का तबादले का आदेश दिया है। इनमें लखनऊ, आगरा, प्रयागराज, कानपुर, मुरादाबाद के अधिकारी शामिल हैं।
आदेश के अनुसार पुलिस आयुक्त प्रयागराज तरूण गाबा को पुलिस महानिरीक्षक लखनऊ परिक्षेत्र बनाया गया है। पुलिस महानिरीक्षक लखनऊ पीएसी मुख्यालय रहे आशुतोष कुमार को अपर पुलिस आयुक्त कानपुर कमिश्नरेट नियुक्त किया गया है। इसके अलावा पुलिस महानिरीक्षक सुरक्षा मुख्यालय से पुलिस महानिरीक्षक लखनऊ परिक्षेत्र के पद पर स्थानांतरित किये गये उपेंद्र कुमार अग्रवाल का पुलिस महानिरीक्षक लखनऊ परिक्षेत्र पद पर किया गया स्थानांतरण निरस्त कर पुलिस महानिरीक्षक पीएसी मुख्यालय लखनऊ बना दिया गया।
पुलिस महानिरीक्षक कानपुर परिक्षेत्र जोगेंद्रर कुमार को पुलिस आयुक्त प्रयागराज बनाया गया। अपर पुलिस आयुक्त कानपुर कमिश्नरेट रहे हरीशचंद्र को पुलिस उप महानिरीक्षक कानपुर पद पर तैनाती दी गई है। अपर पुलिस आयुक्त आगरा रहे संजीव त्यागी को अब पुलिस उपमहानिरीक्षक कारागार प्रशासन एवं सुधार के पद पर तैनात किया गया है। पुलिस उप महानिरीक्षक लखनऊ प्रदीप गुप्ता को पुलिस उप महानिरीक्षक कारागार प्रशासन एवं सुधार पद पर नियुक्त किया गया है।
पुलिस उप महानिरीक्षक एसएसएफ के साथ पुलिस उपमहानिरीक्षक कारागार प्रशासन एवं सुधार का अतिरिक्त प्रभार देख रहे हेमंत कुटियाल को पुलिस उपमहानिरीक्षक एसएसएफ लखनऊ बनाया गया। इसी तरह पुलिस उपमहानिरीक्षक/पुलिस उपायुक्त गौतमबुद्धनगर कमिश्नरेट रामबदन सिंह को अपर पुलिस आयुक्त आगरा बनाया गया है। उधर, पुलिस अधीक्षक लाजिस्टिक्स लखनऊ रमेश प्रसाद गुप्ता को 24वीं वाहिनी मुरादाबाद का सेनानायक बनाया गया। इसी के साथ ही 24वीं वाहिनी पीएसी मुरादाबाद के सेनानायक पद पर रहे अमित कुमार द्वितीय को 35वीं वाहिनी लखनऊ के सेनानायक पद पर तैनाती दी गई है।