UP Transfer: 55 पीसीएस अफसरों के तबादले; वाराणसी विकास प्राधिकरण को मिले नए सचिव, नगर निगम और मंडलायुक्त कार्यालय में भी बदलाव
विवेक कुमार मिश्रा बने VDA के नए सचिव, ज्योति सिंह को मिली वाराणसी मंडल के अपर आयुक्त की जिम्मेदारी; इससे पहले हिमांशु नागपाल की जगह शाश्वत त्रिपुरारी बनाए गए थे काशी के नए नगर आयुक्त
भदैनी मिरर डिजिटल डेस्क,वाराणसी/लखनऊ । उत्तर प्रदेश में भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारियों के तबादलों के तुरंत बाद रविवार की रात प्रांतीय सिविल सेवा (PCS) के 55 अधिकारियों का बड़े पैमाने पर तबादला कर दिया गया है। चुनाव आयोग के निर्देशों (एक ही जिले में तीन साल से जमे अधिकारियों को हटाने) के तहत हो रही इस प्रशासनिक सर्जरी का सीधा असर धर्मनगरी वाराणसी में भी देखने को मिला है। वाराणसी विकास प्राधिकरण (VDA), मंडलायुक्त कार्यालय और नगर निगम में नए अधिकारियों को अहम जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
वाराणसी में इन अफसरों को मिली जिम्मेदारी
ताजा तबादला सूची के मुताबिक, काशी के विकास कार्यों और प्रशासनिक व्यवस्था को गति देने के लिए निम्नलिखित महत्वपूर्ण तैनातियां की गई हैं:
- विवेक कुमार मिश्रा को वाराणसी विकास प्राधिकरण (VDA) का नया सचिव नियुक्त किया गया है।
- ज्योति सिंह को वाराणसी मंडल का नया अपर आयुक्त (Additional Commissioner) बनाया गया है। (गौरतलब है कि इससे पहले बरेली मंडल के अपर आयुक्त मनोज कुमार-1 को भी वाराणसी मंडल में अपर आयुक्त तैनात किया गया था)।
- रामकुमार को वाराणसी नगर निगम का सहायक नगर आयुक्त बनाया गया है।
इससे ठीक दो दिन पहले शुक्रवार रात को हुए 38 आईएएस अधिकारियों के तबादलों में वाराणसी के नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल को गाजियाबाद का नगर आयुक्त बनाया गया था, जबकि गोरखपुर के सीडीओ रहे शाश्वत त्रिपुरारी को वाराणसी का नया नगर आयुक्त नियुक्त किया गया था।
अन्य प्रमुख प्राधिकरणों और जिलों के पीसीएस तबादले
रविवार रात जारी 55 पीसीएस अफसरों की सूची में राज्य के कई अन्य विकास प्राधिकरणों और नगर निकायों में भी फेरबदल हुआ है:
- प्राधिकरण सचिव: सुशील प्रताप सिंह को गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (GDA), अतुल कुमार को लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA), आलोक कुमार वर्मा को अयोध्या विकास प्राधिकरण और विनय कुमार सिंह-2 को मेरठ विकास प्राधिकरण का सचिव बनाया गया है।
- अयोध्या व नोएडा: ज्ञान चंद्र गुप्ता को संयुक्त सीईओ अयोध्या तीर्थ विकास परिषद और क्रांति शेखर सिंह को विशेष कार्याधिकारी (OSD) दादरी-नोएडा-गाजियाबाद निवेश क्षेत्र (नोएडा) तैनात किया गया है। इसके अलावा बृजेश कुमार सिंह को भी ओएसडी नोएडा बनाया गया है।
- अपर आयुक्त व नगर निगम: अमरपाल सिंह को अपर आयुक्त सहारनपुर, पंकज कुमार को अपर आयुक्त चित्रकूट धाम, रमेश यादव को अपर आयुक्त मेरठ मंडल और विवेक कुमार यादव को अपर आयुक्त आगरा मंडल भेजा गया है। वहीं अविनाश त्रिपाठी को लखनऊ नगर निगम और माया शंकर यादव को मेरठ नगर निगम में अपर नगर आयुक्त बनाया गया है।
पिछले 72 घंटों में हो चुके हैं दर्जनों IAS के भी तबादले
पीसीएस अधिकारियों की इस सूची से पहले रविवार दोपहर में चार आईएएस अफसरों के कार्यक्षेत्र बदले गए थे, जिसमें शैलेंद्र कुमार सिंह को फिरोजाबाद का नया सीडीओ और प्रतिभा सिंह को फिरोजाबाद-शिकोहाबाद विकास प्राधिकरण का उपाध्यक्ष बनाया गया।
इससे पहले शुक्रवार देर रात पांच जिलों (सीतापुर, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, महाराजगंज और सिद्धार्थनगर) के जिलाधिकारियों (DM) समेत 38 आईएएस अधिकारियों का तबादला किया गया था, जिसमें मुख्यमंत्री के विशेष सचिव अनुज सिंह को लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) का नया उपाध्यक्ष बनाया गया था। चुनाव आयोग की गाइडलाइंस के अनुपालन में प्रदेश के प्रशासनिक अमले में यह बदला व बेहद अहम माना जा रहा है।