{"vars":{"id": "125128:4947"}}

UP: होटल में चल रहा था जिस्मफरोशी  का धंधा, 2 युवतियों संग 9 युवक गिरफ्तार 

बिसौली के जय भोले फार्म हाउस पर पुलिस का छापा; मुरादाबाद से ऑटो में बुलाई जाती थीं लड़कियां, 100 कदम दूर बनी पुलिस चौकी बेखबर

 

 

भदैनी मिरर (क्राइम डेस्क)

 उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के बिसौली क्षेत्र से एक बड़ी खबर सामने आई है। पुलिस ने रानेट चौराहे के पास स्थित एक होटल में छापेमारी कर अनैतिक देह व्यापार (सेक्स रैकेट) का बड़ा खुलासा किया है। मौके से पुलिस ने दो युवतियों, नौ युवकों और एक ऑटो चालक को हिरासत में लिया है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि इस धंधे में शामिल लड़कियां मुरादाबाद से ऑटो के जरिए बदायूं बुलाई जाती थीं।

महिला डॉक्टर से फब्तियां कसने के बाद खुला राज

मामला बिसौली कोतवाली क्षेत्र के रानेट चौराहे के समीप स्थित 'जय भोले फार्म हाउस एवं भोजनालय' का है। जानकारी के अनुसार, रविवार शाम को एक महिला चिकित्सक होटल के पास से गुजर रही थी। तभी आसपास खड़े कुछ लोगों ने उस पर फब्तियां कसीं। जब महिला ने इसका कड़ा विरोध किया तो स्थानीय दुकानदारों और ग्रामीणों ने शोर मचाते हुए होटल में लंबे समय से चल रही संदिग्ध गतिविधियों और युवतियों-युवकों की मौजूदगी की शिकायत की।

घटना की सूचना तुरंत एसडीएम प्रियंका गोयल और क्षेत्राधिकारी (CO) अंशुमान श्रीवास्तव को दी गई। इसके बाद सीओ और कोतवाल सर्वेंद्र शर्मा भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और होटल की घेराबंदी की।

होटल के कमरों से पकड़े गए 11 लोग, मालिक फरार

पुलिस ने जब होटल की पहली मंजिल पर बने कमरों की तलाशी ली, तो वहां का नजारा देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए।

  • गिरफ्तारी और बरामदगी: कमरे से दो युवतियों और नौ युवकों को पकड़ा गया। इसके अलावा युवतियों को मुरादाबाद से लाने वाले ऑटो और उसके चालक को भी गिरफ्तार किया गया है। मौके से दो स्कूटर भी कब्जे में लिए गए हैं।

  • फरार आरोपी: पुलिस की कार्रवाई के दौरान होटल मालिक और संचालक चकमा देकर मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।

  • स्थानीय कनेक्शन: सीओ अंशुमान श्रीवास्तव ने बताया कि पकड़े गए नौ युवकों में से आठ बिसौली के रहने वाले हैं, जबकि एक उघैती क्षेत्र का निवासी है।

पुलिस चौकी से 100 कदम दूर चल रहा था धंधा, दरोगा की भूमिका संदिग्ध

घटनास्थल से बमुश्किल 100 कदम की दूरी पर एक अस्थायी पुलिस चौकी स्थित है। ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले दो महीनों से पुलिस की नाक के नीचे जिस्मफरोशी का धंधा संचालित हो रहा था। ग्रामीणों का दावा है कि करीब 20 दिन पहले स्थानीय पुलिस और हल्का दरोगा को इसकी सूचना दी गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।

स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि अवैध धंधे से होने वाली कमाई में पुलिस की सांठगांठ हो सकती है। अब इस मामले में संबंधित हल्का दरोगा की भूमिका की जांच के लिए रिपोर्ट तलब की गई है।

लग्जरी गाड़ियों की मौजूदगी और रसूखदारों के तार

छापेमारी के दौरान होटल के बाहर दो लग्जरी गाड़ियां (एक सफेद बोलेरो जिस पर 'चेयरमैन' लिखा था और एक थार) खड़ी देखी गईं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पुलिस के पूरी तरह सक्रिय होने से पहले ही दोनों गाड़ियां वहां से निकल गईं। स्थानीय लोगों का दावा है कि इस होटल में क्षेत्र के रसूखदार परिवारों के लोगों का भी आना-जाना था, जिसकी जांच की जा रही है।

एसपी देहात का बयान

एसपी देहात डॉ. हृदेश कठेरिया ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया, "रानेट चौराहे के पास स्थित गेस्ट हाउस/होटल में अनैतिक देह व्यापार की सूचना पर कार्रवाई की गई है। मौके से 10 पुरुष और 2 महिलाओं को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है और गिरोह के अन्य नेटवर्क की पड़ताल जारी है।"