UP PCS Transfer: यूपी में प्रशासनिक फेरबदल, काशी विश्वनाथ मंदिर और पिंडरा SDM सहित 182 PCS अफसरों का तबादला
वाराणसी को मिले दो नए PCS अधिकारी, अरविंद त्रिपाठी संभाल सकते हैं श्रीकाशी विश्वनाथ विशिष्ट क्षेत्र का जिम्मा; देखें पूरी ट्रांसफर लिस्ट
वाराणसी/लखनऊ: उत्तर प्रदेश शासन ने प्रशासनिक व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त करने के लिए देर रात बड़े पैमाने पर प्रांतीय सिविल सेवा (PCS) अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। शासन द्वारा जारी अधिसूचना के मुताबिक, सूबे के 182 PCS अफसरों को इधर से उधर किया गया है। इस महा-तबादला सूची में वाराणसी के श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर विशिष्ट क्षेत्र के मुख्य कार्यपालक (SDM) और पिंडरा तहसील की एसडीएम समेत कई महत्वपूर्ण अधिकारी शामिल हैं। इस फेरबदल के बाद वाराणसी को दो नए पीसीएस अधिकारी मिले हैं।
श्रीकाशी विश्वनाथ क्षेत्र के SDM शंभू शरण का गाजीपुर तबादला
आधिकारिक आदेश के अनुसार, श्रीकाशी विश्वनाथ विशिष्ट विकास क्षेत्र के मुख्य कार्यकारी अधिकारी/SDM शंभू शरण का तबादला कर दिया गया है। उन्हें अब गाजीपुर का नया उपजिलाधिकारी (SDM) बनाया गया है। वहीं, अंबेडकर नगर में तैनात रहे वरिष्ठ पीसीएस अधिकारी अरविंद त्रिपाठी को वाराणसी भेजा गया है। सूत्रों के मुताबिक, अरविंद त्रिपाठी को श्रीकाशी विश्वनाथ विशिष्ट विकास क्षेत्र के नए मुख्य कार्यकारी अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है।
पिंडरा SDM प्रतिभा मिश्रा भेजी गईं कानपुर देहात
वाराणसी की पिंडरा तहसील में तैनात एसडीएम प्रतिभा मिश्रा का भी ट्रांसफर हो गया है। उन्हें अब उपजिलाधिकारी बनाकर कानपुर देहात भेजा गया है। उनकी जगह चंदौली में तैनात रहे कुंदन राज कपूर को वाराणसी का नया उपजिलाधिकारी नियुक्त किया गया है।
पूर्वांचल के इन अधिकारियों की भी बदली सीटें
शासन स्तर से जारी इस सूची में पूर्वांचल के कई जिलों के अधिकारी प्रभावित हुए हैं:
-
जौनपुर और बलिया: सुनील कुमार भारती को जौनपुर से मऊ और रविकुमार पासवान को बलिया से सोनभद्र भेजा गया है।
-
भदोही और सोनभद्र: सोनभद्र में तैनात निखिल यादव को भदोही का नया एसीईओ (ACEO) बनाया गया है। इसके अलावा शिवप्रकाश यादव को भी भदोही भेजा गया है।
-
गाजीपुर और चंदौली: गाजीपुर से पुष्पेंद्र पटेल, मनोज पाठक, ध्रुव शुक्ला, अब्बास हसन, अरुण कुमार, देवेंद्र प्रताप और हर्षिता तिवारी का तबादला किया गया है। वहीं चंदौली से आकांक्षा सिंह का नाम भी इस लिस्ट में है।
-
आजमगढ़ और मऊ: आजमगढ़ से श्याम प्रताप सिंह, नरेंद्र गंगवार, संत रंजन और नंदिनी शाह का ट्रांसफर हुआ है। मऊ से राजेश अग्रवाल और अखिलेश सिंह यादव स्थानांतरित किए गए हैं।
-
मिर्जापुर: मिर्जापुर से गुलाब चंद्र (द्वितीय) और राजेश वर्मा का तबादला किया गया है।
-
अन्य अहम तैनातियां: जौनपुर से कुणाल गौरव, संतबीर सिंह, रश्मि सिंह, प्रदीप कुमार रमन, अखिलेश सिंह और मोहम्मद अमान का तबादला हुआ है, जबकि शिवेंद्र वर्मा भदोही में एसडीएम का कार्यभार संभालेंगे।
देर रात जारी हुई सरकार की इस कार्रवाई से प्रशासनिक अमले में हड़कंप मचा हुआ है। सभी स्थानांतरित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से अपने नए तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।