UP: सास-साले के हत्यारे अफसर खान को पुलिस ने 24 घंटे में किया ढेर
पंचायत के दौरान दोहरे हत्याकांड के बाद फरार था आरोपी, मुठभेड़ में पुलिस पर फायरिंग के बाद ढेर; पत्नी ICU में भर्ती
बरेली: उत्तर प्रदेश के बरेली में सास और साले की निर्मम हत्या करने वाले आरोपी अफसर खान का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर ही एनकाउंटर कर दिया। सोमवार को पंचायत के दौरान हुए इस सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड के बाद फरार आरोपी को मंगलवार तड़के मुठभेड़ में ढेर कर दिया गया।
तड़के सहारा ग्राउंड के पास मुठभेड़
घटना के बाद से फरार चल रहे आरोपी की तलाश में पुलिस की तीन टीमें लगाई गई थीं। मंगलवार सुबह सूचना मिली कि अफसर खान शहर छोड़ने की फिराक में सहारा ग्राउंड के पास छिपा हुआ है। पुलिस ने घेराबंदी की तो आरोपी ने खुद को घिरता देख फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में चली गोली आरोपी को लग गई, जिससे वह मौके पर ही गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा।
अस्पताल में घोषित किया गया मृत
घायल आरोपी को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौके से पुलिस ने तमंचा और कारतूस भी बरामद किए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचकर जांच में जुट गए।
पंचायत बनी खूनी संघर्ष का कारण
यह पूरा मामला सोमवार का है, जब इज्जतनगर थाना क्षेत्र के रहपुरा चौधरी गांव में पारिवारिक विवाद सुलझाने के लिए पंचायत बुलाई गई थी। आरोपी अफसर खान का अपनी पत्नी सायमा से लंबे समय से विवाद चल रहा था।
बताया जा रहा है कि आरोपी ने अपनी चचेरी बहन सायमा से जबरन निकाह किया था, जिसके चलते परिवार में तनाव बना हुआ था। पंचायत के दौरान अचानक विवाद बढ़ गया और आरोपी ने चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
इस हमले में उसकी सास आसमा और साले आदिल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई।
ICU में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही पत्नी
हमले में घायल पत्नी को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज ICU में चल रहा है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है। इससे पहले भी वह अवैध संबंधों के चलते अपने मामा की हत्या कर चुका था।
इलाके में दहशत, परिजनों ने ली राहत की सांस
इस दोहरे हत्याकांड और फिर एनकाउंटर के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। वहीं, मृतकों के परिजनों ने आरोपी के मारे जाने के बाद राहत की सांस ली है।एसएसपी ने कहा कि जघन्य अपराध करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।