UP MLC Elections: गोरखपुर से वाराणसी और आगरा तक भारी बवाल; अखिलेश यादव ने लगाया बूथ लूट का आरोप
वाराणसी, आगरा, सीतापुर, लखीमपुर और फतेहपुर सहित कई जिलों में जमकर हंगामा; पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को करना पड़ा हस्तक्षेप
पॉलिटिकल डेस्क (भदैनी मिरर): उत्तर प्रदेश में विधान परिषद (MLC) की 11 सीटों के लिए चल रहे मतदान के दौरान प्रदेश के कई जिलों से हंगामे, तीखी नोकझोंक और विवाद की खबरें सामने आई हैं। समाजवादी पार्टी (सपा) ने सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं पर फर्जी मतदान कराने और बूथ कैप्चरिंग करने के गंभीर आरोप लगाए हैं।
गोरखपुर, वाराणसी, आगरा, सीतापुर, लखीमपुर, फतेहपुर, मैनपुरी और मुजफ्फरनगर समेत कई जिलों में सपा और भाजपा समर्थक आमने-सामने आ गए, जिसके बाद पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों को मोर्चा संभालना पड़ा।
वाराणसी और आगरा में बढ़ा तनाव
-
वाराणसी: सदर तहसील स्थित मतदान केंद्र पर सपा प्रत्याशी आशुतोष सिन्हा के पहुंचने पर विवाद खड़ा हो गया। भाजपा समर्थकों ने इस पर विरोध जताते हुए जमकर हंगामा किया, जिसके बाद मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों के साथ भी तीखी नोकझोंक हुई।
-
आगरा: फतेहाबाद ब्लॉक स्थित बूथ पर सपा कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा कार्यकर्ता जबरन बूथ के अंदर दाखिल हो रहे हैं और वहां मौजूद लोगों को बाहर निकालकर बैलेट पेपर पर अपने प्रत्याशी के पक्ष में मुहर लगा रहे हैं। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में करने के लिए प्रदर्शनकारियों को हटाया।
सीतापुर, लखीमपुर और फतेहपुर में भी रहा अफरा-तफरी का माहौल
-
सीतापुर: महोली विकासखंड में सपा प्रत्याशी कांति सिंह के पोलिंग एजेंट ने आरोप लगाया कि एक महिला मतदाता का बैलेट पेपर छीनकर उसे बूथ से बाहर कर दिया गया। पूर्व विधायक अनूप गुप्ता के समर्थकों के साथ पहुंचने पर दोनों पक्षों में जमकर नारेबाजी और झड़प हुई।
-
लखीमपुर: ईसानगर में सपा का पंडाल हटवाने को लेकर पुलिस और सपा सांसद प्रतिनिधि के बीच तीखी बहस हुई। सपा ने भेदभाव का आरोप लगाते हुए कहा कि 100 मीटर की दूरी पर स्थित भाजपा का केंद्र नहीं हटाया गया।
-
फतेहपुर: इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक चुनाव में सपा प्रदेश अध्यक्ष ने बूथ संख्या 159 पर राज्य मंत्री कृष्णा पासवान और जिला पंचायत अध्यक्ष पर बूथ कैप्चरिंग का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की।
अखिलेश यादव का चुनाव आयोग पर तंज
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' (X) पर फतेहपुर में बूथ लूटने का आरोप लगाते हुए चुनाव आयोग पर तंज कसा। अखिलेश यादव ने लिखा— "क्या आज चुनाव आयोग का अवकाश का दिन है?"
उन्होंने आगे कहा कि पार्टी पूरे प्रदेश में वीडियो रिकॉर्डिंग कर रही है और चुनाव प्रक्रिया में गड़बड़ी करने वाले अधिकारियों व अराजक तत्वों के खिलाफ एफआईआर (FIR) दर्ज कराई जाएगी।
14 लाख से अधिक मतदाता कर रहे फैसला
उल्लेखनीय है कि प्रदेश के 72 जिलों में कुल 14.18 लाख मतदाता 152 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करने के लिए मतदान कर रहे हैं। हालांकि, कानपुर नगर, कानपुर देहात और उन्नाव जिले इस मतदान प्रक्रिया में शामिल नहीं हैं।