UP: 5 साल पहले हुई थी लव मैरिज, दंपति की बाथरूम में मिली लाश, पुलिस भी हैरान
बाथरूम में मिले पति-पत्नी के शव, अंदर से बंद था दरवाजा
5 साल पहले की थी प्रेम विवाह
गैस गीजर बना मौत की वजह? पुलिस जांच जारी
पीलीभीत। उत्तर प्रदेश के पीलीभीत शहर में रविवार देर रात एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। सदर कोतवाली क्षेत्र स्थित गोकुलधाम कॉलोनी में एक दंपति की बाथरूम में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पति-पत्नी दोनों के शव बाथरूम के अंदर पड़े मिले। पुलिस की शुरुआती जांच में संभावना जताई गई है कि गैस गीजर की वजह से दम घुटने से दोनों की मौत हुई है।
मृतकों की पहचान 40 वर्षीय हरजिंदर सिंह और उनकी पत्नी रेनू सक्सेना के रूप में हुई है। दोनों पांच साल पहले लव मैरिज कर साथ रहने लगे थे। दंपति का शव मिलने की खबर जैसे ही आसपास फैली, पूरे मोहल्ले में हड़कंप मच गया।
घर में हलचल न होने पर टूटा बाथरूम का दरवाजा
घटना का खुलासा तब हुआ जब कई घंटे बीत जाने के बावजूद घर में कोई हलचल न होने पर पड़ोसियों को शक हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बाथरूम का दरवाजा तोड़ा गया। अंदर हरजिंदर और रेनू के शव पड़े हुए थे। बताया जा रहा है कि बाथरूम का दरवाजा अंदर से बंद था।
घटनास्थल पर पहुंचे एएसपी विक्रम दहिया, सीओ सिटी दीपक चतुर्वेदी और फील्ड यूनिट की टीम ने मौके का बारीकी से निरीक्षण किया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
पत्नी को नहलाने गए थे पति?
पुलिस सूत्रों के अनुसार, रेनू घायल थीं और हाल ही में उनके हाथ का प्लास्टर खुला था। शुरुआती अनुमान है कि हरजिंदर अपनी पत्नी को नहलाने में मदद कर रहे थे। इस दौरान बाथरूम में गैस रिसाव हुआ, जिससे दम घुटने पर पत्नी बेहोश हो गई और उसे बचाने की कोशिश में हरजिंदर की भी जान चली गई।
सरकारी कर्मचारी थे हरजिंदर सिंह
मृतक हरजिंदर सिंह डीआरडीए कार्यालय में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी थे। वे मूल रूप से सुभाष नगर कॉलोनी के रहने वाले थे। पांच साल पहले बीसलपुर निवासी रेनू से प्रेम विवाह किया था। पड़ोसियों ने बताया कि दोनों साथ में खुशहाल जीवन बिता रहे थे।
गैस गीजर बना ‘साइलेंट किलर’
एएसपी विक्रम दहिया ने कहा कि प्रथम दृष्टया यह हादसा गैस गीजर से निकलने वाली जहरीली गैसों के कारण हुआ प्रतीत होता है। बाथरूम के वेंटिलेशन बंद होने पर कार्बन मोनोऑक्साइड जमा हो जाती है, जिससे दम घुटने का खतरा रहता है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कारण स्पष्ट होंगे।
गैस गीजर से सावधान — जान जोखिम में!
सर्दियों में गैस गीजर से हादसे लगातार सामने आ रहे हैं। विशेषज्ञों के अनुसार-बाथरूम में वेंटिलेशन अनिवार्य है। खिड़की या एग्जॉस्ट फैन जरूर होना चाहिए। गीजर को हमेशा बाथरूम के बाहर फिट करें। पाइप के जरिए गर्म पानी अंदर आए। नहाते समय गीजर बंद रखें। लगातार गीजर जलने से दम घुटने का खतरा बना रहता है। गंधहीन और रंगहीन गैस इंसान को तुरंत बेहोश कर देती है।