UP: अमेठी में सपा विधायक महाराजी प्रजापति के आवास पर दबंगों का धावा, लाठी-डंडों से की मारपीट
सीएम योगी से न्याय की मांग, अखिलेश यादव से भी किया डिमांड
Bhadaini Mirror Desk: उत्तर प्रदेश के अमेठी से एक बड़ी और सनसनीखेज खबर सामने आ रही है. अमेठी कोतवाली क्षेत्र के आवास विकास कॉलोनी स्थित समाजवादी पार्टी (सपा) की विधायक महाराजी प्रजापति के आवास पर देर शाम दो दर्जन से अधिक दबंगों ने गाड़ियों से पहुंचकर जमकर हंगामा किया. लाठी-डंडों से लैस इन बदमाशों पर विधायक के परिजनों और कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज व मारपीट करने का आरोप लगा है. घटना के बाद इलाके में भारी तनाव है और विधायक समर्थकों में जबरदस्त आक्रोश देखा जा रहा है.
क्या है पूरा मामला? गाड़ियों से पहुंचे थे हमलावर
शुरुआती जानकारी के अनुसार, यह पूरा हाई-प्रोफाइल विवाद कुछ दिनों पहले सोशल मीडिया पर की गई एक टिप्पणी (कमेंट) को लेकर शुरू हुआ. मंगलवार रात करीब 8:30 बजे दो स्कॉर्पियो और कई मोटरसाइकिलों पर सवार होकर दो दर्जन से अधिक दबंग अचानक विधायक आवास पर पहुंचे.
आरोप है कि इन लोगों ने घर के बाहर मौजूद लोगों के साथ अभद्रता शुरू कर दी. जब घर के लोगों ने इसका विरोध किया, तो हमलावरों ने लाठी-डंडों से विधायक के भतीजे और घर में काम करने वाले कर्मचारियों की बेरहमी से पिटाई कर दी. कथित तौर पर विरोध करने पर विधायक के साथ भी हाथापाई की गई. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए.
सपा के ही नेता-कार्यकर्ता बताए जा रहे आरोपी, 9 पर नामजद केस दर्ज
हैरानी की बात यह है कि घटना में शामिल सभी आरोपी समाजवादी पार्टी (सपा) के ही स्थानीय नेता और कार्यकर्ता बताए जा रहे हैं. घटना के बाद विधायक के बेटे अनुराग प्रजापति ने अमेठी कोतवाली में लिखित तहरीर दी है, जिसके आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है.
तहरीर में कुल 9 लोगों को नामजद किया गया है, जिनके नाम इस प्रकार हैं:
-
शेर बहादुर यादव
-
बृजेश यादव
-
जय सिंह प्रताप
-
बलराम यादव
-
अनुराग यादव
-
मनु पाल
-
विपिन यादव
-
राजेश यादव
-
शुभम यादव
मुख्यमंत्री से न्याय की गुहार, अखिलेश यादव से ऐक्शन की मांग
विधायक के बेटे अनुराग प्रजापति ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री से मामले की गंभीरता को देखते हुए न्याय की गुहार लगाई है. इसके साथ ही उन्होंने सपा मुखिया अखिलेश यादव से मांग की है कि पार्टी का अनुशासन भंग करने और इस तरह की गुंडागर्दी करने वाले सभी नामजद आरोपियों को तुरंत समाजवादी पार्टी से निष्कासित किया जाए और उन पर कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए.
रातभर पुलिस की दबिश, कई लोग हिरासत में
वारदात की सूचना मिलते ही अमेठी कोतवाली पुलिस भारी बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंची. घटना के बाद से ही विधायक आवास पर समर्थकों की भारी भीड़ जमा हो गई थी, जिसे देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए रातभर आरोपियों के संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ दबिश दी है. पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस मामले में कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और जल्द ही मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी.