{"vars":{"id": "125128:4947"}}

UP IAS Transfer: वाराणसी के कमिश्नर एस. राजलिंगम कानपुर के मंडलायुक्त बने; के. विजयेंद्र पांडियन संभालेंगे वाराणसी मंडल की कमान

 2008 बैच के आईएएस अधिकारी हैं के. विजयेंद्र पांडियन, 24 अप्रैल 2025 से मंडलायुक्त का दायित्व निभा रहे थे एस. राजलिंगम

 

लखनऊ/वाराणसी (भदैनी मिरर ब्यूरो)। उत्तर प्रदेश शासन ने सोमवार को प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए वाराणसी और कानपुर मंडल के कमिश्नरों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया है। शासन की ओर से जारी तबादला सूची के मुताबिक, वाराणसी के मंडलायुक्त एस. राजलिंगम को अब कानपुर का नया मंडलायुक्त नियुक्त किया गया है। वहीं, कानपुर के कमिश्नर रहे वरिष्ठ आईएएस अधिकारी के. विजयेंद्र पांडियन को प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र वाराणसी का नया मंडलायुक्त बनाया गया है।

वाराणसी के नए कमिश्नर के. विजयेंद्र पांडियन का प्रोफाइल

वाराणसी की कमान संभालने जा रहे के. विजयेंद्र पांडियन (K. Vijayendra Pandian) 2008 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारी हैं। मूल रूप से तमिलनाडु के रहने वाले पांडियन ने बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन (BBA) और कानून (LL.B) की डिग्री हासिल की है।
प्रशासनिक अनुभवों की बात करें तो उन्होंने जनवरी 2025 में कानपुर मंडल के कमिश्नर का पदभार संभाला था। इससे पहले वे गोरखपुर और कासगंज जैसे महत्वपूर्ण जिलों के जिलाधिकारी (DM) तथा कानपुर विकास प्राधिकरण (KDA) के उपाध्यक्ष भी रह चुके हैं। इसके अतिरिक्त, वे उद्योग एवं हथकरघा विभाग में आयुक्त एवं निदेशक जैसे अहम पदों का दायित्व भी सफलतापूर्वक निभा चुके हैं।

एस. राजलिंगम का वाराणसी में रहा लंबा और यादगार कार्यकाल

कानपुर भेजे गए एस. राजलिंगम का वाराणसी से गहरा नाता रहा है। 2009 बैच के उत्तर प्रदेश कैडर के आईएएस अधिकारी राजलिंगम भी मूल रूप से तमिलनाडु के निवासी हैं और उन्होंने एनआईटी (NIT) तिरुचिरापल्ली से केमिकल इंजीनियरिंग में बी.टेक की पढ़ाई की है।
एस. राजलिंगम को 5 नवंबर 2022 को वाराणसी का जिलाधिकारी (DM) नियुक्त किया गया था और उन्होंने 6 नवंबर 2022 को अपना कार्यभार ग्रहण किया था। जिले में विकास परियोजनाओं  के बेहतर प्रबंधन के बाद पदोन्नति मिलने पर उन्हें 24 अप्रैल 2025 को वाराणसी का मंडलायुक्त बनाया गया था। करीब चार साल तक वाराणसी में जिलाधिकारी और कमिश्नर के रूप में सेवाएं देने के बाद अब शासन ने उन्हें कानपुर मंडल की जिम्मेदारी सौंपी है।