{"vars":{"id": "125128:4947"}}

UP: दंपति का एक ही चिता पर हुआ अंतिम संस्कार, 20 माह का मासूम बेटा हुआ अनाथ 

अनूपशहर गंगा घाट पर गमगीन माहौल में हुई अंत्येष्टि, नाना-नानी को सौंपा गया मासूम हार्दिक

 

भदैनी मिरर, वाराणसी। बुलंदशहर के जहांगीराबाद क्षेत्र में जुगसाना गेट के पास शनिवार शाम हुए सड़क हादसे में जान गंवाने वाले संभल निवासी दंपति का रविवार को अनूपशहर गंगा घाट पर गमगीन माहौल में एक ही चिता पर अंतिम संस्कार किया गया। हादसे में दंपति का 20 माह का मासूम बेटा हार्दिक सुरक्षित बच गया। एक साथ दोनों अर्थियां उठने से परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

बहन की शादी में शामिल होने जा रहे थे, ट्रैक्टर-ट्रॉली ने ली जान

जानकारी के अनुसार, संभल जिले के सिकंदरपुर खागी गांव निवासी 30 वर्षीय जगबीर और उनकी 26 वर्षीय पत्नी मधु शनिवार को अपने 20 माह के बेटे हार्दिक के साथ बाइक से बहन रेखा की शादी में शामिल होने घर जा रहे थे। बताया गया कि जगबीर गुरुग्राम में ई-रिक्शा चलाता था। रास्ते में जुगसाना गेट के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से जगबीर और मधु गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

रविवार दोपहर पोस्टमार्टम के बाद अनूपशहर गंगा घाट पर एक ही चिता पर दोनों का अंतिम संस्कार किया गया, जिसे बड़े भाई गौरव और छोटे भाई रमेश ने मुखाग्नि दी।

सुरक्षित बचे मासूम को नाना-नानी के सुपुर्द किया गया

दुर्घटना के बाद राहगीरों ने सुरक्षित बचे 20 माह के हार्दिक को संभालकर पुलिस को सौंपा था। परिजनों के पहुंचने तक महिला पुलिसकर्मियों ने बच्चे की देखभाल की और चिकित्सीय परीक्षण के बाद उसे उसके नाना मुंशीलाल, नानी कमलेश देवी व मामा राहुल (निवासी सिंहदलनपुर, थाना बबराला, जिला संभल) के सुपुर्द कर दिया गया। कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र सिंह राठौर के मुताबिक, मामले में तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर संबंधित वाहन की तलाश के लिए आगे की कार्रवाई की जाएगी।