{"vars":{"id": "125128:4947"}}

UP Congress: आराधना मिश्रा के कार्यभार संभालते ही कांग्रेस कार्यालय में चले जूते! अजय राय और कार्यकर्ताओं में भारी बवाल

लखनऊ स्थित यूपीसीसी कार्यालय में 'कौन अध्यक्ष' के सवाल पर भिड़े कांग्रेसी; पूर्व अध्यक्ष अजय राय के समर्थकों से बदसलूकी, धरने पर बैठे अजय राय

 

भदैनी मिरर लखनऊ डेस्क: उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी (UPCC) की नवनियुक्त अध्यक्ष आराधना मिश्रा 'मोना' द्वारा रविवार को नवरात्र के पहले दिन औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण करने से ठीक पहले लखनऊ स्थित राज्य मुख्यालय में जबरदस्त हंगामा देखने को मिला। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय और उनके समर्थकों के साथ हुई कथित बदसलूकी के बाद पार्टी कार्यालय रणक्षेत्र में तब्दील हो गया, जहाँ कार्यकर्ताओं के बीच जमकर धक्का-मुक्की और जूते-चप्पल तक चल गए।

विवाद की शुरुआत: 'कौन अध्यक्ष' के सवाल से भड़की चिंगारी

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय अपने समर्थकों के साथ कांग्रेस कार्यालय पहुंचे, तो वहां भारी भीड़ मौजूद थी। रास्ता बनाने के लिए अजय राय के समर्थकों ने कहा कि "अध्यक्ष जी निकलेंगे, रास्ता दीजिए।"

इसी बात पर लखनऊ नगर निगम में कांग्रेस पार्षद दल की नेता ममता चौधरी की तरफ से सवाल उठाया गया— "कौन अध्यक्ष?"

इस तीखे सवाल के बाद दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हाथापाई और उग्र हंगामे में बदल गई। आरोप है कि पार्षद ममता चौधरी ने अजय राय पर अभद्र टिप्पणियां कीं, जिसके बाद माहौल पूरी तरह बिगड़ गया और कांग्रेसियों के बीच जूते-लात चलने लगे।

अजय राय का विरोध और धरना

पदभार ग्रहण कार्यक्रम के दौरान अपने और अपने समर्थकों के साथ हुए दुर्व्यवहार से आहत होकर अजय राय अपने समर्थकों के साथ कांग्रेस भवन के बाहर धरने पर बैठ गए।

मामले की गंभीरता को देखते हुए उत्तर प्रदेश के नवनियुक्त कार्यकारी अध्यक्ष और सहारनपुर से सांसद इमरान मसूद तथा राज्यसभा सदस्य प्रमोद तिवारी तुरंत मौके पर पहुंचे। दोनों वरिष्ठ नेताओं ने काफी मान-मनौव्वल के बाद अजय राय को मनाया, जिसके बाद उन्होंने आराधना मिश्रा 'मोना' को कुर्सी पर बैठाकर औपचारिक रूप से कार्यभार ग्रहण कराया। हालांकि, इसके बाद अजय राय और इमरान मसूद बिना प्रेस कॉन्फ्रेंस में शामिल हुए ही कांग्रेस भवन से बाहर निकल गए।

अजय राय की सख्त कार्रवाई की मांग

पदभार ग्रहण कराने के तुरंत बाद अजय राय ने वरिष्ठ नेताओं (प्रमोद तिवारी, आराधना मिश्रा और इमरान मसूद) के सामने पार्षद ममता चौधरी के व्यवहार की तीखी शिकायत की।

अजय राय ने दो टूक शब्दों में कहा कि ऐसे लोग पार्टी की छवि को धूमिल कर रहे हैं और यदि इन्हें पार्टी में रखा गया तो माहौल खराब होगा। उन्होंने ममता चौधरी को पार्टी से बाहर करने की मांग की है, जिस पर वरिष्ठ नेताओं ने उन्हें उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

बीजेपी ने कसा तंज

कांग्रेस कार्यालय के इस अंदरूनी घमासान पर विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर तंज कसते हुए लिखा— "मोहब्बत की दुकान में जूतम-पैजार! कांग्रेस कार्यालय में नए प्रदेश अध्यक्ष ने पूर्व अध्यक्ष अजय राय का मान मर्दन कर दिया।"

फिलहाल इस हंगामेदार आगाज के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं और राजनीतिक गलियारों में इस घटना की खासी चर्चा है।