UP: जन्मदिन के अगले दिन दुनिया छोड़ गए BJP विधायक श्याम बिहारी लाल, मीटिंग के दौरान पड़ा हार्ट अटैक
बरेली में सर्किट हाउस की बैठक के दौरान बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित, CM योगी ने जताया शोक
बरेली। उत्तर प्रदेश की राजनीति से एक दुखद खबर सामने आई है। बरेली जिले की फरीदपुर विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (BJP) के विधायक डॉ. श्याम बिहारी लाल का शुक्रवार को अचानक निधन हो गया। बताया जा रहा है कि मीटिंग के दौरान उन्हें हार्ट अटैक पड़ा। खास बात यह है कि उन्होंने एक दिन पहले ही अपना जन्मदिन मनाया था।
विधायक के अचानक निधन से राजनीतिक गलियारों के साथ-साथ उनके परिवार और समर्थकों में शोक की लहर दौड़ गई है।
मीटिंग के दौरान बिगड़ी तबीयत
शुक्रवार को विधायक श्याम बिहारी लाल बरेली स्थित सर्किट हाउस में पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह की बैठक में शामिल होने पहुंचे थे। इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और उन्हें सांस लेने में दिक्कत होने लगी। हालत गंभीर होने पर उन्हें वहीं लिटाया गया।
जब आराम नहीं मिला तो उन्हें पीलीभीत बाईपास स्थित मेडिसिटी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
डॉक्टरों ने बताई मौत की वजह
मेडिसिटी हॉस्पिटल के डॉक्टर विमल भारद्धाज ने बताया कि अस्पताल लाए जाने पर विधायक का बीपी और पल्स काम नहीं कर रहा था। “हमने सीपीआर दिया, करीब एक घंटे तक इलाज चला। वेंटिलेटर पर भी रखा गया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। मौत का कारण हार्ट अटैक रहा।”
एक दिन पहले मनाया था 60वां जन्मदिन
श्याम बिहारी लाल का जन्म 1 जनवरी 1966 को शाहजहांपुर जिले में हुआ था। उन्होंने एक जनवरी को अपना 60वां जन्मदिन मनाया था और अगले ही दिन उनका निधन हो गया, जिससे यह खबर और भी भावुक हो गई।
शिक्षा जगत से राजनीति तक का सफर
डॉ. श्याम बिहारी लाल एक उच्च शिक्षित और अनुभवी नेता थे। उन्होंने महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय से इतिहास में पीएचडी की थी और वहीं इतिहास के प्रोफेसर भी रहे।
शिक्षा के क्षेत्र में लंबे समय तक सेवा देने के बाद उन्होंने राजनीति में कदम रखा।
दो बार बने विधायक
श्याम बिहारी लाल पहली बार 2017 में BJP के टिकट पर विधायक बने थे। इसके बाद 2022 में फरीदपुर सीट से दूसरी बार जीत दर्ज की। फरीदपुर विधानसभा को भाजपा की सुरक्षित सीटों में गिना जाता है।
परिवार में शोक
विधायक अपने पीछे पत्नी मंजू लता, एक बेटा और दो बेटियां छोड़ गए हैं। उनके निधन की खबर मिलते ही उनके आवास पर समर्थकों और परिचितों की भीड़ जुटने लगी।
CM योगी ने जताया शोक
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधायक के निधन पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि यह भाजपा परिवार और प्रदेश के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को संबल देने की प्रार्थना की।