{"vars":{"id": "125128:4947"}}

UP: फर्जी किन्नर बनकर ट्रेनों में वसूली करने वाली 11 महिलाएं गिरफ्तार, क्यूआर कोड और ताली बजाकर यात्रियों से ऐंठती थीं पैसे

आरपीएफ ने मिर्जापुर और छिवकी रेलवे स्टेशन पर की कार्रवाई; 31 हजार से अधिक का जुर्माना वसूला, 3 दिनों में 20 पर एक्शन

 

मिर्जापुर / भदैनी मिरर:

ट्रेनों में फर्जी तरीके से किन्नर बनकर और धार्मिक माला-तस्वीरें बेचने के बहाने रेल यात्रियों से जबरन वसूली व बदसलूकी करने वाले एक गिरोह का रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने भंडाफोड़ किया है। आरपीएफ ने मिर्जापुर और छिवकी रेलवे स्टेशनों पर चलाए गए विशेष चेकिंग अभियान के दौरान 11 महिलाओं को गिरफ्तार किया है।

ये महिलाएं किन्नर न होते हुए भी ताली बजाकर और क्यूआर कोड (QR Code) दिखाकर यात्रियों से अवैध वसूली कर रही थीं। आरपीएफ ने सभी के खिलाफ रेलवे एक्ट की सुसंगत धाराओं में केस दर्ज कर ₹31,777 का जुर्माना वसूला है।

हेल्पलाइन 139 पर मिली शिकायतों के बाद RPF का बड़ा एक्शन

आरपीएफ प्रभारी चमन सिंह तोमर ने बताया कि रेल मदद हेल्पलाइन नंबर 139 पर यात्रियों द्वारा लगातार शिकायतें दर्ज कराई जा रही थीं। यात्रियों का आरोप था कि कुछ महिलाएं फर्जी किन्नर बनकर एसी और स्लीपर कोचों में घुस जाती हैं और ताली बजाकर जबरन पैसे मांगती हैं।

यदि कोई यात्री ₹500 का नोट देता तो ये छुट्टे वापस नहीं करती थीं। नगद न होने पर ये अपने पास रखे डिजिटल पेमेंट के क्यूआर कोड (QR Code) स्कैनर आगे कर देती थीं। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उच्चाधिकारियों के निर्देश पर आरपीएफ ने त्वरित छापेमारी की।

ट्रेन 12487 और 11402 से पकड़ी गईं 11 महिलाएं

आरपीएफ टीम ने शुक्रवार सुबह 10:33 बजे गाड़ी संख्या 12487 के एसी कोच से यात्रियों को परेशान कर पैसे ऐंठ रहीं 7 महिलाओं को रंगे हाथ पकड़ा। इसके बाद छिवकी स्टेशन पर ट्रेन संख्या 11402 से 4 अन्य महिलाओं को गिरफ्तार किया गया।

पकड़ी गई महिलाओं में अनूपा (चंदौली निवासी) के अलावा लक्षो देवी, अनि, ज्योति, विमला, शम्मी, सीता, मोंगा, मीनू और रजनी शामिल हैं। जांच में पता चला कि ये महिलाएं मूल रूप से पंजाब के मोगा, धर्मकोट और फिरोजपुर की रहने वाली हैं जो फिलहाल चंदौली के गल्ला मंडी इलाके में किराए पर रह रही थीं।

3 दिनों में 20 पर कार्रवाई, आगे भी जारी रहेगा अभियान

आरपीएफ अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि ये महिलाएं किन्नर नहीं हैं, बल्कि केवल यात्रियों को डरा-धमकाकर पैसे वसूलने के लिए किन्नरों का रूप और हाव-भाव धारण करती थीं। आरपीएफ प्रभारी ने बताया कि बीते तीन दिनों के अभियान में अब तक ऐसी 20 फर्जी महिलाओं को गिरफ्तार किया जा चुका है।

डीडीयू (DDU)-मिर्जापुर-विंध्याचल-प्रयागराज-छिवकी रेलखंड पर आरपीएफ की गश्त बढ़ा दी गई है और यात्रियों की सुरक्षित व सुगम यात्रा के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।