{"vars":{"id": "125128:4947"}}

मामा का था भांजी से अवैध सम्बंध, भांजे को हो गई थी जानकारी तो बुझा दिया घर को इकलौता चिराग

कानपुर जिले के घाटमपुर थाना क्षेत्र में सनसनीखेज वारदात, नाले में मिला किशोर का शव

 

छिप न सका राज, आरोपित को पुलिस ने किया गिरफ्तार, जल्द करेगी खुलासा

किशोर के ही लोवर के नाड़े से कसा गया था गला

कानपुर। कानपुर जिले के घाटमपुर थाना क्षेत्र में 15 वर्षीय किशोर की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। रिश्ते को शर्मशार करनेवाली इस घटना के बारे में पता चला कि किशोर को अपनी बहन और रिश्ते के मामा से अवैध संबंधों का पता चल गया था। इसलिए उसे मौत के घाट उतार दिया गया। लेकिन जिस पाप को छिपाने के लिए किशोर की हत्या की गई वह और खुलकर सामने आ गया। जिस किशोर की हत्या की गई वह परिवार को इकलौता बेटा था। हत्यारे ने अपना पाप छिपाने के लिए घर के चिराग को ही बुझा दिया। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। अब पुलिस प्रेस कांफ्रेंस कर घटना के खुलासे की तैयारी कर रही है।  

जानकारी के अनुसार घाटमपुर थाना क्षेत्र के कठेठा गांव में शनिवार को 15 वर्षीय किशोर की निर्दयता से हत्या कर दी गई थी। किशोर का शव खेत के पास नाले में मिला। किशोर के गले में लोवर का नाड़ा कसा हुआ था। सूचना पर पुलिस और परिवारवाले पहुंचे। किशोर के पिता का कहना था कि उनकी किसी से कोई दुश्मनी नही थी। बाद में गांव के लोगों से परिवार को जानकारी मिलती गई। तब पिता ने शाम को गांव के ही बउरा और उसके बेटे प्रभाकर पर हत्या का संदेह जताते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई। क्योंकि पिता को पता चला कि उनका बेटा जब खेत पर पहुंचा तो वहां यही दोनों उससे मिले थे। दोनों ने साजिश के तहत उसे बुलाया और हत्या के बाद उसका शव नाले में फेंक दिया था। 

गिरफ्तार आरोपित रिश्ते में किशोर का मामा लगता है और किशोर की बड़ी बहन से उसके संबंध थे। किशोर को इसकी जानकारी हो गई थी और वह विरोध करने लगा था। इसके बाद मामा ने उसकी हत्या की साजिश रची और मार डाला। कठेठा गांव के रहनेवाले किशोर के पिता खेती करते हैं। परिवार में पत्नी, दो बेटियां व 15 वर्षीय बेटा था। किशोर कक्षा नौ का छात्र था। पिछले दिनों गिरने से उसके हाथ की हड्डी टूट गई थी। इसके कारण वह स्कूल नहीं जा रहा था। शनिवार की दोपहर घर से 500 मीटर दूर स्थित खेत देखने जाने की बात कहकर घर से निकला था। परिवारवालों को बताया कि खेत में मवेशी घुसे हैं और वह उन्हें हांकने जा रहा है। देर शाम तक वह नहीं लौटा तो परिवारवालों को चिंता हुई। परिजन पहुंचे तो खेत के पास उसकी साइकिल खड़ी मिली। साइकिल का ताला लॉक था। किसानों ने बताया कि उसकी साइकिल काफी देर से खड़ी है। लोगों ने काफी आवाज लगाई लेकिन कोई जवाब नही मिला।

बाद में पास के नाले मे उसका शव मिला। लोवर के नाड़े से उसका गला कसा गया था। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके की जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। चिकित्सकों के पैनल ने पोस्टमार्टम किया। पुलिस का मामला है कि इस घटना में कुछ और लोग शामिल हो सकते हैं, इसलिए उन संदिग्धो की भी तलाश की जा रही है। पुलिस बच्चे के मोबाइल और संदिग्धों के मोबाइल के सीडीआर खंगाल रही है। आशंका है कि किशोर को फोन किया गया और खेत में मवेशी घुसने की जानकारी दी गई। जब वह खेत पर पहुंचा तो पहले से तय साजिश के तहत उसकी हत्या कर दी गई। इंस्पेक्टर दिनेश सिंह बिष्ट ने बताया कि संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं। जल्द की घटना का खुलासा किया जायेगा।