दो बेटियों ने अपने ही पिता को हसिया से मारकर उतार दिया मौत के घाट
ज्यादा टोका-टोकी करने और लडका-लड़़की में फर्क करने की बात पर हुआ था विवाद
भाई ने दोनों बहनों के खिलाफ थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट, पुलिस ने किया गिरफ्तार
मुजफ्फरनगर। यूपी के मुजफ्फरनगर जिले के भोपा थाना क्षेत्र के मोरना गांव में सनसनीखेज वारदात से लोग दहल गये। यहां दो सगी बहनों ने मिलकर हसिया से ताबड़तोड़ वार कर निर्दयतापूर्वक अपने ही पिता की हत्या कर दी। पिता के गर्दन और पेट पर हसिया से हमले किये गये थे। घटना की वजह बेटियों को टोकना और बेटे-बेटी में फर्क करना सामने आया है। पुलिस ने दोनों बहनों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने खून से सना हसिया और कपड़े बरामद कर लिये हैं।
जानकारी के अनुसार मोरना गांव में रामप्रसाद (58) का शव सोमवार की सुबह कमरे में खून से लथपथ पड़ा मिला। इसका पता चलते ही गांव में सनसनी फैल गई। पत्नी चंद्रकली ने बताया कि सोते समय उनके पति की किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा हत्या कर दी गई है। सूचना पर थाने की पुलिस और अधिकारी पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। परिवार वालों और आसपास के लोगों से पूछताछ की।
पूछताछ में सच्चाई सामने आई। एसपी देहात आदित्य बंसल ने मीडिया को बताया कि रामप्रसाद की बड़ी बेटी कोमल (30) और एक नाबालिग बेटी ने मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया। रामप्रसाद दोनों बेटियों को बात-बात पर टोकता रहा और बेटे- बेटी में फर्क करता था। इसी बात को लेकर रविवार की देर रात बेटियों का पिता से विवाद हुआ। इसके बाद दोनों बेटियों ने योजनाबद्ध ढंग से हसिया से वार कर पिता की हत्या कर दी। हत्या के बाद बेटियों ने हसिया और खून से सने कपड़ों को भूसे में छिपाकर रख दिया था। इस मामले में मृतक राम प्रसाद के बेटे अमित कुमार ने दोनों बहनों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। रामप्रसाद के परिवार में पत्नी चंद्रकली के अलावा बेटा अमित व सुमित व चार बेटियां हैं। इनमें से दो बेटियां लता व शिल्पी की शादी हो गई है। मृतक राम प्रसाद के नाम 50 बीघा जमीन है। परिवार खेती पर आधारित है।