मऊ में टुल्लू पंप बना काल: करंट की चपेट में आई महिला, बचाने दौड़े पति और बेटे की दर्दनाक मौत, इलाके में कोहराम
रामपुर बेलौली के प्यारेपुर मिश्र गांव की घटना; मीना देवी की हालत गंभीर, मऊ जिला अस्पताल रेफर
भदैनी मिरर, मऊ: उत्तर प्रदेश के मऊ जिले से एक बेहद दर्दनाक और रूह कपा देने वाला हादसा सामने आया है। यहां बृहस्पतिवार की सुबह टुल्लू पंप में उतरे करंट की चपेट में आने से एक ही परिवार के दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से झुलस गई है। दिल दहला देने वाली बात यह है कि करंट की शिकार हुई महिला को बचाने के चक्कर में उसके पति और सगे बेटे की जान चली गई। इस दोहरी मौत के बाद से पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।
नहाने के दौरान टुल्लू पंप चालू करते ही उतरा करंट
यह हृदय विदारक घटना मऊ जिले के रामपुर बेलौली थाना क्षेत्र के मोइद्दीनपुर (प्यारेपुर मिश्र) गांव की है। मिली जानकारी के अनुसार, गांव के रहने वाले देवेंद्र मिश्रा की पत्नी मीना देवी (50 वर्ष) बृहस्पतिवार की सुबह घर के आंगन में नहाने के लिए गई थीं। जैसे ही उन्होंने वहां लगा टुल्लू पंप चालू किया, वह अचानक करंट की चपेट में आ गईं। बताया जा रहा है कि टुल्लू पंप की केबिल कटी हुई थी, जिसके कारण पूरे पंप और आसपास के पानी में हाई वोल्टेज करंट प्रवाहित हो गया था।
चीख सुनकर बचाने दौड़े पति-पुत्र, खुद हो गए शिकार
मीना देवी की चीख सुनकर घर के दूसरे कमरे में बैठे उनके पति देवेंद्र मिश्रा (48 वर्ष) और इकलौता बेटा नीरज (26 वर्ष) बदहवास होकर आंगन की तरफ दौड़े। अपनी आंखों के सामने मीना को मौत के मुंह में फंसा देख दोनों ने जान की परवाह किए बिना उन्हें बचाने का प्रयास शुरू किया। पिता-पुत्र ने सूझबूझ और बहादुरी दिखाते हुए मीना देवी को करंट की जद से खींचकर दूर तो हटा दिया, लेकिन इस कोशिश में दोनों खुद बेहद शक्तिशाली करंट की चपेट में आ गए।
करंट का झटका इतना जबरदस्त था कि बेटा नीरज छिटककर दूर जा गिरा, जिससे उसके सिर में भी गंभीर चोट आ गई, जबकि देवेंद्र वहीं गंभीर रूप से झुलस गए।
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने पिता-पुत्र को घोषित किया मृत
चीख-पुकार सुनकर आसपास के पड़ोसी तुरंत मौके पर इकट्ठा हुए और बिजली की सप्लाई बंद की। ग्रामीणों ने आनन-फानन में पुलिस को सूचना दी और तीनों को लेकर फतेहपुर मंडाव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचे। हालांकि, तब तक काफी देर हो चुकी थी। अस्पताल के डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद देवेंद्र मिश्रा और उनके बेटे नीरज को मृत घोषित कर दिया। वहीं, मीना देवी का प्राथमिक उपचार करने के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें मऊ जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया है, जहां उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय रामपुर बेलौली थाना पुलिस मौके पर और अस्पताल पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। एक ही घर के दो चिराग बुझने से मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।