{"vars":{"id": "125128:4947"}}

‘टोटी चोर चोरी करते रहेंगे...’ अखिलेश यादव पर सीएम योगी का तंज; 1,375 ग्राम पंचायत अधिकारियों को बांटे नियुक्ति पत्र

उत्तर प्रदेश में हर हफ्ते बांटे जाएंगे जॉइनिंग लेटर; सीएम योगी बोले— 2017 से पहले हर जिले में माफिया की समानांतर सरकार चलती थी, अब प्रदेश कर्फ्यू और दंगा मुक्त है।

 

भदैनी मिरर (लखनऊ ब्यूरो): उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को 1,375 नवचयनित ग्राम पंचायत अधिकारियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस अवसर पर युवाओं को बधाई देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि एक नियुक्ति पत्र मिलने से केवल एक युवा को नहीं, बल्कि उसके पूरे परिवार को संबल और खुशी मिलती है। कार्यक्रम के दौरान सीएम योगी ने समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव का नाम लिए बिना उन पर जोरदार हमला बोला।

‘टोटी चोर टोटी चोरी करते रहेंगे...’

जल जीवन मिशन और 'हर घर नल' योजना का जिक्र करते हुए सीएम योगी ने चुटकी ली और कहा, "गांव-गांव तक शुद्ध पेयजल पहुंच रहा है। अगर कहीं पाइप टूट जाए या कोई टोटी चोरी करके ले जाए, तो प्लम्बर उसकी मरम्मत कर सके। वरना टोटी चोर तो टोटी चोरी करते रहेंगे और पानी बहता रहेगा, जिससे नुकसान गांव का ही होगा।"

हर हफ्ते जारी रहेगा नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम

पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव द्वारा नौकरियों पर उठाए गए सवालों का जवाब देते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा, "सपा अध्यक्ष कह रहे थे कि नियुक्ति पत्र नहीं बंट रहे हैं। मैं उनसे कहूंगा कि वे गिनना शुरू कर दें। सितंबर में यह मेरा चौथा नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम है। अब हर हफ्ते एक ऐसा कार्यक्रम आयोजित होगा और अक्टूबर के पहले हफ्ते से यह सिलसिला फिर रफ्तार पकड़ेगा।"

2017 से पहले हर जिले में हावी था माफिया राज

पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में अराजकता का माहौल था। हर जिले में माफिया की समानांतर सरकार चलती थी और आम जनता या युवा सुरक्षित नहीं थे। आज का उत्तर प्रदेश माफिया, कर्फ्यू, दंगे और उपद्रव से पूरी तरह मुक्त हो चुका है और बिना किसी भेदभाव के सभी पात्रों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है।

‘गिरगिट की तरह रंग बदलने वालों से रहें सावधान’

सीएम योगी ने युवाओं और जनता को आगाह करते हुए कहा कि जिन लोगों ने प्रदेश के युवाओं के भविष्य पर डाका डाला और दलितों को उनके अधिकारों से वंचित रखा, वे आज नए-नए नारों और शक्ल में सामने आ रहे हैं। ये लोग गिरगिट की तरह रंग बदलकर समाज में भ्रम फैलाने और राज्य को दोबारा अराजकता की ओर धकेलने की साजिश कर रहे हैं, जिनसे सावधान रहने की सख्त जरूरत है।