छठ पूजा के दौरान भीषण नाव हादसा, तीन किशोर चंद्रप्रभा नदी में डूबे, मची अफरातफरी
चंदौली में घाट के किनारे लगा था विहंगम मेला, हो रही थी पूजा और गाये जा रहे थे षष्ठी माता के गीत
नदी के दूसरे तट की ओर से जुगाड़ यानी टिन की नाव पर सवार होकर युवक और किशोर कर रहे थे नौका विहार
वाराणसी, भदैनी मिरर। चंदौली जिले के बबुरी थाना क्षेत्र के कोदोचक गांव स्थित चंद्रप्रभा नदी में जुगाड़ की नाव पर सवार आधा दर्जन से अधिक युवक डूब गये। बताया जाता है कि नाव टिन की थी और असंतुलित होने से पलट गई। इनमें से चार को बचा लिया गया लेकिन तीन डूब गये। चंदौली में छठ पर्व की शाम बबुरी थाना क्षेत्र के कोदोचक गांव में चंद्रप्रभा नदी में नौका पलटने से तीन युवक डूब गए, जिनकी तलाश देर रात तक जारी रही। पुलिस के अनुसार, डूबे युवकों की पहचान यश (16), पीयूष (13) और अरुण (13) के रूप में हुई है। देर रात तक तीनों की तलाश जारी थी।
इस जुगाड़ की नाव पर युवा और किशोर सवार थे। वह छठ पूजा के दौरान तफरी कर रहे थे। जैसे ही जुगाड़ की नाव बीच धारा में पहुंची तो बहाव के कारण असंतुलित हुई। तब तक नाव पर सवार किशोर और युवा घबरा गये और संतुलन पूरी तरह बिगड़ गया। इसके बाद नाव समेत सभी नदी में समा गये। इस घटना के बाद अफरातफरी मच गई। ग्रामीणों और गोताखोरों की मदद से चार लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। तीन लोग अब भी लापता हैं।
छठ पर्व के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु नदी किनारे सूर्य को अर्घ्य देने पहुंचे थे। उसी दौरान कुछ लोग नदी के दूसरे तट तक जाने के लिए जुगाड़ की नाव पर सवार हो गए। नाव में क्षमता से अधिक लोग बैठने के कारण यह हादसा हुआ। घटना की सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। गोताखोरों की मदद से लापता लोगों की तलाश कराई जा रही थी। लोगों ने बताया कि नदी के जिस किनारे पर व्रती महिलाएं पूजा कर रही थी उधर पुलिस प्रशासन और सुरक्षा व्यवस्था मुस्तैद थी। यह युवक छठ पूजा देखने के लिए दूसरी तरफ से जुगाड़ की नाव यानी टिन की नाव पर सवार होकर नौका विहार कर रहे थे। खुशी के इस पर्व पर युवकों और किशोरों के तफरी करने के शौक के कारण हादसा हो गया। इस घटना से शोक का माहौल व्याप्त है। लापता लोगों के परिजन घाट के किनारे विलाप करते रहे।