{"vars":{"id": "125128:4947"}}

बेटा युवती को लेकर भाग गया तो हुई मारपीट और दूसरे दिन पिता का नाले में उतराई मिली लाश

गोरखपुर के गुलरिहा थाना क्षेत्र की घटना से सनसनी

 

दो दिन पहले युवती को लेकर भागा राजाराम का बेटा

गुरूवार को युवती के परिजनों ने की थी मारपीट, दी थी धमकी

गोरखपुर। गुलरिहा थाना के डुमरी नंबर एक में शुक्रवार सुबह एक अधेड़ का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव की पहचान एक गांव निवासी राजाराम के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

राजाराम का छोटा बेटा दो दिन पहले गांव की एक युवती के साथ फरार हो गया था। बताते हैं कि इससे नाराज युवती के परिवारवालों ने एक दिन पहले राजाराम के घर पहुंचकर मारपीट की और धमकी दी थी। मृतक राजाराम की बहू शलगम देवी ने बताया कि मारपीट के दहशत में आया परिवार घर के ताले बंद कर रिश्तेदारों के यहां चला गया था। हालांकि राजाराम गांव के पास ही एक ईंट भट्ठे पर मजदूरी करते थे। शुक्रवार की सुबह उनका शव भट्ठे से 200 मीटर दूर पुलिया के पास पानी में उतराता मिला।

राजाराम के शरीर पर कच्छा था, इससे उनकी मौत संदिग्ध लगी। परिवारवालों ने भी पिछले दिन घर ेमं घुसकर मारपीट की घटना को लेकर हत्या की आशंका जताई। सूचना पर पुलिस और फोरेंसिक टीम पहुंची। पुलिस ने भट्ठे के कर्मचारियों से पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि गुरुवार शाम चार बजे राजाराम चार मजदूरों के साथ निकले थे। इसके बाद से उनका पता नही चला। पुलिस अब उनके साथ गये चार मजदूरों से पूछताछ कर रही है। पुलिस राजाराम की मौत के कारण की पुष्टि के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।