{"vars":{"id": "125128:4947"}}

वाराणसी-मिर्जापुर बॉर्डर पर रेलवे ट्रैक पर मिला 28 वर्षीय अज्ञात युवक का शव, ट्रेन से गिरकर मौत की आशंका

प्रयागराज-वाराणसी रेल मार्ग पर कछवां के पास मिला अज्ञात शव, शिनाख्त में जुटी पुलिस

 

वाराणसी/मिर्जापुर। वाराणसी-मिर्जापुर सीमा पर शुक्रवार देर शाम उस वक्त हड़कंप मच गया, जब प्रयागराज-वाराणसी रेल मार्ग पर एक अज्ञात 28 वर्षीय युवक का खून से लथपथ शव मिला। आशंका जताई जा रही है कि युवक की मौत चलती ट्रेन से गिरकर हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल (जीआरपी) की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त के लिए मोर्चरी हाउस में सुरक्षित रखवा दिया है।

लोको पायलट की सतर्कता से मिली जानकारी

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार देर शाम (मिर्जापुर) जिले के कछवां थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले नारायणपुर गांव के पास रेलवे ट्रैक से गुजर रहे एक ट्रेन के लोको पायलट की नज़र ट्रैक पर पड़े शव पर पड़ी। लोको पायलट ने तत्परता दिखाते हुए इसकी जानकारी तुरंत नजदीकी स्टेशन मास्टर को दी। इसके बाद स्टेशन मास्टर ने मिर्जामुराद पुलिस को मामले से अवगत कराया। सूचना मिलते ही मिर्जामुराद पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। घटना स्थल वाराणसी और मिर्जापुर जिले की सीमा पर होने के कारण मिर्जामुराद पुलिस ने सीमा निर्धारण को लेकर मिर्जापुर के कछवां थाना पुलिस को सूचित किया। कछवां पुलिस और जीआरपी की संयुक्त टीम ने जब मौके की जांच की, तो पता चला कि घटनास्थल कछवां थाना क्षेत्र के नारायणपुर गांव में आता है।

पुलिस और जीआरपी ने शव का पंचनामा भरकर उसे नजदीकी मोर्चरी हाउस भेज दिया है। मृतक की उम्र लगभग 28 वर्ष आंकी जा रही है, हालांकि उसके पास से ऐसा कोई सामान या दस्तावेज बरामद नहीं हुआ है जिससे उसकी पहचान हो सके। कछवां पुलिस और जीआरपी आसपास के गांवों तथा नजदीकी थानों में मृतक का हुलिया भेजकर उसकी शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही हैं। साथ ही, हाल ही में दर्ज हुई गुमशुदगी की रिपोर्टों को भी खंगाला जा रहा है ताकि युवक की पहचान हो सके।