{"vars":{"id": "125128:4947"}}

पत्नी के चरित्र पर करता था संदेह, सिल-बट्टे से सिर कूंचने के बाद गला दबाकर कर दी हत्या

महोबा के श्रीनगर थाना क्षेत्र में सनसनीखेज वारदात

 

मृतका के पिता की तहरीर पर दर्ज हुआ मुकदमा, पति गिरफ्तार

महोबा। महोबा जिले के श्रीनगर थाना के भंडरा गांव में चरित्र पर संदेह के चलते पति ने दो दिन पहले सिल-बट्टे से कूंचकर पत्नी की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपित पति को गुरूवार को गिरफ्तार कर लिया। 

जानकारी के अनुसार भंडरा गांव के मजरा लोधी खोड़ा निवासी रामसिंह राजपूत करीब पांच बीघा जमीन में खेती करता है। वह 16 मार्च की रात वह शराब के नशे में घर पहुंचा। उसके शराब पीने की आदत से परेशान पत्नी पवन देवी से उसका विवाद हो गया। इस दौरान तमतमाए पति रामसिंह ने सिल-बट्टे से पत्नी के सिर पर कई वार किए और गला दबाकर हत्या कर दी। घटना की सूचना पर मृतका के परिजन पहुंचे। पवन देवी के पिता भगवती प्रसाद की तहरीर पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया। घटना के बाद से पति फरार हो गया था। पुलिस टीम ने उसे गुरूवार को भंडरा-मवई तिराहा के पास के खेल मैदान से गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में रामसिंह ने पुलिस को बताया कि पत्नी के साथ मजदूरी करने राजस्थान गया था। वहां से लौटने के बाद से पत्नी राजस्थान चलने की जिद करती थी। उसे पत्नी के चरित्र पर शक था और इसीलिए वह राजस्थान जाना नही चाहता था। इसी बात को लेकर उसका पत्नी से अक्सर विवाद होता था। दो दिन पहले भी इसी बात पर विवाद ज्यादा हो गया तो उसने उसकी हत्या कर दी।