राज्यपाल आनंदी बेन के अभिभाषण के दौरान सपा सदस्यों ने किया जमकर हंगामा
राजमाता अहिल्याबाई होल्कर की तस्वीरें लेकर वेल में आकर हंगामा करने लगे ’गवर्नर मैडम गो बैक’ के लगाये नारे
राज्यपाल ने भी कसा तंज, कहा-आपके समय में यह सब जीरो था
लखनऊ । विधानमंडल के बजट सत्र की सोमवार को शुरुआत से पहले राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने दोनों सदनों के संयुक्त अधिवेशन को संबोधित किया। राज्यपाल ने अपने अभिभाषण में राज्य सरकार की उपलब्धियों का बखान करना शुरू ही किया था कि समाजवादी पार्टी के सदस्य नारे लिखे पोस्टर और राजमाता अहिल्याबाई होल्कर की तस्वीरें लेकर वेल में आकर हंगामा करने लगे। करीब 35 मिनट के राज्यपाल के संबोधन के दौरान सपा सदस्य लगातार हंगामा करते रहे। हालांकि राज्यपाल ने अभिभाषण पढ़ना जारी रखा।
आपको बता दें कि राज्यपाल के विधानसभा के मुख्य मंडप में आने से पहले ही सपा सदस्य लगातार नारेबाजी कर रहे थे। करीब 11 बजे राज्यपाल के आने पर संयुक्त अधिवेशन की शुरुआत राष्ट्रगान से हुई। इसके बाद 11.05 बजे विधानसभा अध्यक्ष ने राज्यपाल से अभिभाषण पढ़ने का अनुरोध किया तो सपा सदस्य संग्राम सिंह मतदाता सूची के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण के मुद्दे पर अपनी बात कहने लगे। विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने उनसे कहा कि सत्र के दौरान सबको हर मामले पर अपनी बात रखने का मौका दिया जाएगा। लेकिन समाजवादी पार्टी के सदस्यों ने विरोध करना शुरू कर दिया और वेल में आकर ’गवर्नर मैडम गो बैक’ का नारा लगाने लगे। सपा सदस्यों के शोर मचाने पर राज्यपाल ने कहा कि इतना चिल्लाने से गला बैठ जाएगा। तब सपा सदस्य भाषण बंद करो के नारे लगाने लगे। वहीं दूसरी ओर भाजपा और उसके सहयोगी दल राज्यपाल के अभिभाषण पर मेज थपथपाकर स्वागत करते रहे। राज्यपाल ने प्रदेश के 121 राजकीय पॉलीटेक्निक संस्थानों में एक्सीलेंस सेंटर और 251 स्मार्ट क्लास रूम की स्थापना का जिक्र किया। इस दौरान सपा सदस्यों के शोरगुल पर तंज कसते हुए कहा कि आपके समय में यह सब जीरो था। कहा कि पांच साल तक जीरो पर ही रहे। उन्होंने हाथ से जीरो की आकृति बनाकर सपा सदस्यों को कुछ और भी कहा। इसके बाद सपा सदस्यों ने तेज आवाज में हूटिंग शुरू कर दी। इसके कारण राज्यपाल की बात नहीं सुनी जा सकी।
सपा सदस्यों द्वारा हंगामे के दौरान विधायक पल्लवी पटेल अपनी जगह पर बैठी रहीं। उन्हें कई बार सपा सदस्यों ने वेल में आने को कहा, लेकिन उन्होंने अनसुना कर दिया। वहीं सपा के बागी विधायक भी अपनी जगहों पर बैठे रहे। अभिभाषण में खासकर माफिया पर हुई कार्रवाई का ब्योरा दिया गया। बताया गया कि प्रदेश पुलिस ने नवंबर 2019 से अब तक 35 माफिया और उसके 94 सहयोगियों को अलग-अलग मुकदमों में आजीवन कारावास समेत अन्य सजाओं से दंडित कराने में सफलता हासिल की है। पिछले नौ वर्ष के दौरान 267 अपराधी मुठभेड़ में ढेर किए गए और 977 पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) की कार्रवाई की गई। माफिया और अपराधियों की 4137 करोड़ रुपये से अधिक की अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों को जब्त किया गया है। बताया गया कि भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत बीते नौ वर्ष के दौरान 999 सफल ट्रैप ऑपरेशन किए गए, जिसमें 2081 अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की गई। एटीएस ने नौ साल में 148 आतंकवादी गिरफ्तार किया। 186 रोहिंग्या, बांग्लादेशी, पाकिस्तानी व अन्य अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों की गिरफ्तारी की गई। अभिभाषण में बताया गया कि नौ वर्ष के दौरान पुलिस विभाग में 2.19 लाख भर्तियां की गईं। 1.58 कर्मियों को पदोन्नत किया गया। 83,122 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया जारी है। इसके अलावा होमगार्ड स्वयंसेवकों के 41,424 पदों को भरने के लिए एनरोलमेंट किया गया। महिला अपराध रोकने में उल्लेखनीय सफलता की बात कही गई।