{"vars":{"id": "125128:4947"}}

ससुराल में पत्नी से विवाद के बाद दामाद ने लगा ली फांसी, परिजनों ने किया हंगामा

औरैया जिले के दिबियापुर थाना क्षेत्र के जमुही गांव की घटना

 

दो दिन पहले पत्नी की विदाई कराने आया था कप्तान सिंह

औरेया। पत्नी से विवाद के बाद ससुराल आये दामाद कप्तान सिंह ने शनिवार की रात औरैया जिले के दिबियापुर थाना क्षेत्र के जमुही गांव में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। देर रात घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ लग गई। बताया जाता है कि दो दिन पहले ही युवक ससुराल आया था। पुलिस की जांच में पता चला कि उसके वापस जाने को लेकर पत्नी से उसका विवाद हुआ था। 

जानकारी के अनुसार बिधूना कोतवाली के गांव पिलखना निवासी कप्तान सिंह (30) की शादी जमुही गांव में हुई थी। 12 दिसम्बर को वह अपनी पत्नी अर्चना को लेने ससुराल पहुंचा। शनिवार रात जब वह वापस जाने लगा तो पत्नी में विवाद हो गया। देर रात करीब साढ़े 12 बजे कप्तान का श्वसुर किशोर कठेरिया घर के जीने के पास पहुंचा तो कप्तान सिंह जीने से निकली सरिया से फांसी के फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही हड़कंप मच गया।  आसपास के लोगों की भीड़ लग गई। थोड़ी देर में पुलिस भी पहुंच गई। मौके की जांच और परिजनों से पूछताछ के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के दो बेटियां और एक बेटा है।

कोतवाली के गांव पिलखना निवासी कप्तान सिंह के परिवार के लोग रविवार की दोपहर पहुंचे। पोस्टमार्टम हो चुका था। परिवारवालों ने ससुरालवालों पर हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। सूचना पर दो थाने की फोर्स पहुंची। परिजनों को कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया। इस मामले में मृतक कप्तान सिंह के पिता पिता ने दिबियापुर पुलिस को तहरीर दी है।