आगरा में भीषण हादसा, पांच तीर्थयात्रियों समेत छह लोगों की मौत, कई घायल
नशे में धुत कंटेनर चालक ने दो आटो को मारी टक्कर, दुर्घटना देख दहल गये लोग
कंटेनर चालक को भीड़ ने पकड़ कर पीटा, पुलिस ने बचाई जान
हाथरस के धाधऊ गांव के रहनेवाले थे पांच मृतक, परिवारों में मचा कोहराम
आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा में भीषण हादसे में छह लोगों की मौत हो गई। आगरा-जलेसर मार्ग पर शनिवार सुबह नगला चंदन गांव के पास कंटेनर की टक्कर से दो ऑटो रिक्शा में सवार छह लोगों की मौत से क्षेत्र के लोग दहल गये। इस हादसे में पांच लोग घायल हैं। इनमें ेसे पांच मृतक हाथरस के सहपऊ क्षेत्र के धाधऊ गांव के रहनेवाले थे और सभी आपस में दोस्त थे। वह तीर्थयात्रा से लौट रहे थे। जबकि एक अन्य मृतक ऑटो चालक आगरा के शाहगंज क्षेत्र का रहने वाला है।
जानकारी के अनुसार धाधऊ गांव के रामअवतार, रिटायर्ड दरोगा विजय सिंह, लख्मी चंद, विजय गौतम, रणवीर भगत, धन प्रसाद, बिल्ला मिस्त्री, उदयवीर सिंह 20 जनवरी को जगन्नाथपुरी दर्शन के लिए गए थे। शनिवार की सुबह सभी महाकौशल एक्सप्रेस से आगरा लौटे। रामअवतार को छोड़ बाकी सात लोग आगरा कैंट स्टेशन पर उतर गए। यहां से यह लोग आटो से रामबाग पहुंचे। अब रामबाग से ऑटो करके गांव जा रहे थे। इसी दौरान नगला चंदन के पास जलेसर की ओर से आ रहे कंटेनर ने उनकी ऑटो को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि दोनों ऑटो हवा में उछलते हुए सड़क किनारे गड्ढों में जा गिरे। टक्कर से दोनों आटो के परखचे उड़ गए। सवारियां हवा में उछलकर सड़क पर इधर-उधर गिरीं। फिर इस हादसे के बाद कंटेनर चालक ने भागने का प्रयास किया और एक अन्य आटो को जोरदार टक्कर मार दी। उसमें भी सात लोग सवार थे और वह भी लहूलुहान होकर इधर-उधर गिर पड़े। दुर्घटना के बाद घायलों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग पहुंचे। एक साथ दो आटो को टक्कर मारने और घायलों की दशा देख आक्रोशित हो गये। भीड़ ने कंटनेर चालक को घेरकर पकड़ा और उसकी जमकर पिटाई करने लगे। मौके पर पहुंची पुलिस ने उसकी जान बचाई।
हादसों में पहले ऑटो में सवार गांव हाथरस के धाधऊ गांव के चौधरी उदयवीर सिंह (62), चौधरी रनवीर सिंह (75), विजय सिंह गौतम (40), बिल्ला मिस्त्री (55), लख्मी चंद (60), ऑटो चालक व शाहगंज के दौरेठा निवासी सईद खान की मौत हो गई। इस दुर्घटना में रिटायर दरोगा विजय सिंह रिटायर दरोगा और धन प्रसाद गंभीर रूप से घायल हो गये। इन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जबकि दूसरे ऑटो के चालक रुनकता निवासी मन्नू, सलमान, रानी, हसीना, नाइरा, राशिद को भी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें मन्नू की हालत गंभीर है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर उनकी शिनाख्त की और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने बताया कि एक ऑटो चालक का नाम शहीद खान है और दूसरे का नाम पता किया जा रहा है। पुलिस ने बताया कि कंटेनर चालक नशे की हालत मे था। उसकी रफ्तार 80 से 100 के बीच थी। वह जलेसर रोड की ओर लहराते हुए आ रहा था। इसके बाद एक के बाद एक दो आटो को टक्कर मार दी। स्थानीय लोगों ने घायलों की मदद की। पुलिस ने एम्बुलेंस से घायलों को अस्पताल भेजा। दुर्घटना के बाद मौके पर जाम लग गया था। घटना की सूचना मिलते ही सभी छह मृतकों के परिवार में कोहराम मच गया। घायलों के परिजन अस्पताल पहुंचे। डीसीपी पश्चिमी जोन आदित्य सिंह के अनुसार दुर्घटना में लख्मी चंद, ब्रज मोहन, रणवीर, देवकीनंदन और सईद की मौके पर ही मौत हो गई। उदयवीर और रिटायर्ड दरोगा विजय सिंह को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। उदयवीर ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। विजय सिंह की हालत गंभीर है।