UP SIR: आज से घर-घर जाएंगे बीएलओ, 4 दिसंबर तक भरें गणना प्रपत्र -जानें पूरी प्रक्रिया और जरूरी तारीखें
22 साल बाद उत्तर प्रदेश में शुरू हुआ विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR), मतदाताओं को बीएलओ देंगे गणना प्रपत्र की दो प्रतियां, 7 फरवरी 2026 को जारी होगी अंतिम मतदाता सूची।
यूपी, डिजिटल डेस्क। उत्तर प्रदेश में विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision - SIR) की प्रक्रिया मंगलवार से शुरू हो गई है। इस दौरान बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क करेंगे और उन्हें गणना प्रपत्र (Enumeration Form) प्रदान करेंगे। यह प्रक्रिया 4 नवंबर से 4 दिसंबर 2025 तक चलेगी।
मतदाताओं को यह प्रपत्र भरकर अपने BLO को देना होगा। यदि किसी का नाम वर्ष 2003 की वोटर लिस्ट में मौजूद है, तो प्रक्रिया और भी आसान होगी। मतदाता को उस सूची में नाम वाले पृष्ठ की फोटोकॉपी गणना प्रपत्र के साथ जमा करनी होगी।
दो प्रतियों में मिलेगा गणना प्रपत्र
प्रत्येक मतदाता को गणना प्रपत्र की दो प्रतियां दी जाएंगी। बीएलओ मतदाताओं को फॉर्म भरने में सहायता करेंगे। मतदाताओं से इस दौरान कोई दस्तावेज नहीं लिया जाएगा। बीएलओ को मतदाता द्वारा भरे गए फॉर्म की प्राप्ति रसीद देनी होगी।
क्या करना होगा मतदाताओं को
- गणना प्रपत्र की दोनों प्रतियां भरें और हस्ताक्षर करें।
- नवीनतम पासपोर्ट साइज फोटो लगाएं।
- फॉर्म BLO को दें और प्राप्ति रसीद लें।
- गणना प्रपत्र voters.eci.gov.in से भी डाउनलोड किया जा सकता है।
- अधिक जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर 1950 या 1800-180-1950 पर संपर्क करें।
महत्वपूर्ण तारीखें
| चरण | अवधि |
| गणना प्रपत्र वितरण एवं संकलन | 04 नवम्बर से 04 दिसम्बर 2025 |
| निर्वाचक नामावली का आलेख्य प्रकाशन | 09 दिसम्बर 2025 |
| दावे एवं आपत्तियां दाखिल करने की अवधि | 09 दिसम्बर 2025 से 08 जनवरी 2026 |
| सुनवाई एवं निस्तारण | 09 दिसम्बर 2025 से 31 जनवरी 2026 |
| अंतिम निर्वाचक नामावली प्रकाशन | 07 फरवरी 2026 |
कौन से दस्तावेज होंगे मान्य
चुनाव आयोग के अनुसार, निम्न दस्तावेज पहचान प्रमाण के रूप में मान्य होंगे —
- सरकारी या अर्ध-सरकारी पहचान पत्र
- जन्म प्रमाणपत्र
- पासपोर्ट
- मान्यता प्राप्त बोर्ड/विश्वविद्यालय का प्रमाणपत्र
- आधार कार्ड
- स्थायी निवास प्रमाणपत्र
- कास्ट सर्टिफिकेट
- पेंशन आदेश
- परिवार रजिस्टर या भूमि आवंटन प्रमाणपत्र
यूपी में 15.44 करोड़ मतदाता
वर्तमान में प्रदेश में 15.44 करोड़ मतदाता हैं। वर्ष 2003 के बाद 22 साल में पहली बार यह विशेष पुनरीक्षण हो रहा है। पूरे प्रदेश में 1.62 लाख BLO तैनात किए गए हैं, जो घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क करेंगे।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने सभी जिलाधिकारियों को पारदर्शी ढंग से SIR पूरा करने के निर्देश दिए हैं।